‘प्रगतिशील हिमाचलः स्थापना के 75 वर्ष’ समारोह की अध्यक्षता की हिमाचल प्रदेश के गठन के 75 वर्ष के उपलक्ष्य में ‘प्रगतिशील हिमाचल” स्थापना के 75 वर्ष आयोजन की श्रृंखला में आज सिरमौर जिला के पच्छाद विधानसभा क्षेत्र के रोहड़ी में एक भव्य कार्यक्रम आयोजित किया गया।
मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर ने इस अवसर पर एक विशाल जनसभा को सम्बोधित करते हुए कहा कि जन-जन के सहयोग से हिमाचल आज प्रगति के मार्ग पर अग्रसर है। उन्होंने सभी से आग्रह किया कि हिमाचल को विकास के विभिन्न मानकों पर देश का सर्वश्रेष्ठ राज्य बनाने के लिए एकजुट होकर सत्त प्रत्यनशील रहें। उन्होंने कहा कि प्रदेश के विकास का श्रेय प्रत्येक हिमाचली के परिश्रम और समर्पण को जाता है।
जय राम ठाकुर ने कहा कि विगत 75 वर्षों में सभी क्षेत्रों में हिमाचल प्रदेश का समग्र विकास हुआ है। उन्होंने कहा कि राज्य के गठन के समय प्रदेश में केवल 301 शैक्षणिक संस्थान, 88 स्वास्थ्य संस्थान और प्रति व्यक्ति आय 240 रुपये थी। उन्होंने कहा कि वर्तमान में प्रदेश में 16,124 से अधिक शैक्षणिक संस्थान और 4320 स्वास्थ्य संस्थान लोगों को उनके घर-द्वार के समीप गुणवत्तापूर्ण सुविधाएं प्रदान कर रहे हैं। प्रति व्यक्ति आय बढ़कर 2,01,854 रुपये हो गई है। उन्होंने कहा कि वर्ष 1948 में प्रदेश में सड़कों की लम्बाई 228 किलोमीटर थी जबकि वर्तमान में प्रदेश में 39,500 किलोमीटर से अधिक लम्बी सड़कें विकास को गांव-गांव तक पहुंचाने का साधन बन रही हैं।
उन्होंने कहा कि आज हिमाचल प्रदेश शिक्षा और स्वास्थ्य के क्षेत्र में देश का सर्वश्रेष्ठ राज्य है। विकास के अन्य मानकों में भी हिमाचल की उपलब्धियां बेहतरीन हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि देश की स्वतंत्रता के 75 वर्ष पूर्ण होने के साथ हिमाचल प्रदेश भी अपने गठन के 75 वर्ष मना रहा है। देश ने लम्बे संघर्ष और अनेक बलिदानों के पश्चात स्वतंत्रता प्राप्त की है और युवा पीढ़ी को भी अपने महान स्वतंत्रता सेनानियों द्वारा दिए गए बलिदानों के विषय में जागरूक करना महत्वपूर्ण है।
जय राम ठाकुर ने कहा कि प्रदेश सरकार ने समाज के हर वर्ग के कल्याण और राज्य के हर क्षेत्र के चहुंमुखी विकास के लिए कई कल्याणकारी योजनाएं शुरू की हैं। उन्होंने कहा कि गृहिणी सुविधा योजना के तहत प्रदेश में 3.32 लाख से अधिक महिलाओं को निःशुल्क गैस कनेक्शन प्रदान किए गए हैं। घरेलू बिजली उपभोक्ताओं को 125 यूनिट बिजली निशुल्क प्रदान की जा रही है और ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को मुफ्त पेयजल उपलब्ध करवाया जा रहा है।
समारोह में हिमाचल प्रदेश के 75 वर्षों के गठन पर आधारित थीम सॉन्ग प्रस्तुत किया गया और राज्य के गौरवशाली इतिहास तथा उपलब्धियों पर सूचना एवं जन सम्पर्क विभाग द्वारा निर्मित वृत्तचित्र भी प्रदर्शित किया गया। जय राम ठाकुर ने इससे पहले पच्छाद विधानसभा क्षेत्र के लिए 91.16 करोड़ रुपए लागत की विभिन्न विकासात्मक योजनाओं की आधारशिला रखी।
उन्होंने 7.32 करोड़ रुपये की लागत के शलाणा जोहड़ी पार्वी खड्ड सड़क के स्तरोन्नयन कार्य, 4.38 करोड़ रुपये की लागत से थानाधार सड़क के लिए सम्पर्क मार्ग के स्तरोन्नयन कार्य और 3.93 करोड़ रुपये की लागत से रेहाड़ी गुसान से डौंगा फाग सड़क के स्तरोन्नयन कार्य का शिलान्यास किया।