हमीरपुर। नशीले पदार्थ चिट्टा के सेवन एवं तस्करी के खिलाफ आम लोगों को जागरूक और लामबंद करने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू अपने गृह ज़िले हमीरपुर में भी स्वयं मैगा वॉकथॉन की अगुवाई करेंगे। शिमला और धर्मशाला में आयोजित सफल वॉकथॉन के बाद हमीरपुर में भी इसी तरह का एक बड़ा कार्यक्रम किया जा रहा है। यह आयोजन संभवतः 16 दिसंबर को किया जाएगा, जिसकी तिथि शीघ्र ही अंतिम रूप से घोषित कर दी जाएगी।
हिमाचल प्रदेश पुलिस ने जिला प्रशासन एवं विभिन्न विभागों के सहयोग से तैयारियाँ आरंभ कर दी हैं। बुधवार को आईजी विमल गुप्ता और उपायुक्त अमरजीत सिंह ने शहीद कैप्टन मृदुल शर्मा मेमोरियल बॉयज़ सीनियर सेकेंडरी स्कूल मैदान में वॉकथॉन की तैयारियों की समीक्षा की।
आईजी विमल गुप्ता ने बताया कि यह आयोजन शिमला व धर्मशाला की तर्ज पर होगा और मुख्यमंत्री स्वयं इसकी अगुवाई करेंगे। इस मैगा वॉकथॉन में बच्चों, युवाओं और आम नागरिकों सहित हजारों लोग भाग लेकर चिट्टा मुक्त हिमाचल अभियान में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करेंगे। मुख्यमंत्री यहां उपस्थित जनसमूह को चिट्टा के विरुद्ध शपथ दिलाएँगे और अपना संदेश भी देंगे।
मुख्यमंत्री स्कूल मैदान से गांधी चौक, मुख्य बाज़ार, अस्पताल चौक और बस स्टैंड होते हुए पुनः स्कूल मैदान तक पैदल चलकर वॉकथॉन की अगुवाई करेंगे। इस अवसर पर पुलिस के प्रसिद्ध ऑर्केस्ट्रा ‘हार्मनी ऑफ़ पाइन्स’ और पुलिस बैंड का प्रदर्शन भी होगा, जो प्रतिभागियों में उत्साह बढ़ाएगा।
आईजी गुप्ता ने आयोजन स्थल पर पेयजल, रिफ्रेशमेंट, सफाई व्यवस्था तथा अन्य आवश्यक प्रबंधों को लेकर अधिकारियों के साथ विस्तृत चर्चा की। इसके साथ ही वॉकथॉन रूट पर यातायात और सफाई व्यवस्था के लिए दिशा-निर्देश भी जारी किए।