पुराने बस अड्डे तक लगी भक्तों की लंबी कतारें, मंदिर प्रशासन ने किए विशेष प्रबंध
चिंतपूर्णी। प्रसिद्ध शक्तिपीठ मां चिंतपूर्णी के दरबार में रविवार को श्रद्धा और भक्ति का अद्भुत संगम देखने को मिला। अवकाश का दिन होने के चलते हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, जम्मू-कश्मीर तथा अन्य राज्यों से हजारों श्रद्धालु माता रानी के दर्शन के लिए पहुंचे। सुबह मंदिर के कपाट खुलने के साथ ही श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़नी शुरू हो गई और देखते ही देखते दर्शनार्थियों की लंबी कतारें मंदिर परिसर से निकलकर पुराने बस अड्डे तक पहुंच गईं।

मंदिर परिसर ‘जय माता दी के जयकारों से गूंजा
दिनभर मंदिर परिसर जय माता दी के जयकारों से गूंजता रहा। श्रद्धालु घंटों कतारों में खड़े रहकर अपनी बारी का इंतजार करते रहे और माता रानी के दर्शन कर परिवार की सुख-समृद्धि, अच्छे स्वास्थ्य और मनोकामनाओं की पूर्ति का आशीर्वाद प्राप्त करते रहे। देर शाम तक 20 से 25 हजार श्रद्धालुओं ने मां चिंतपूर्णी के दरबार में माथा टेका। भीषण गर्मी और तेज धूप को देखते हुए मंदिर प्रशासन की ओर से श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए विशेष प्रबंध किए गए थे।
भक्तों के लिए किए थे विशेष प्रबंध
पुराने बस अड्डे के पास टेंट लगाए गए थे, ताकि दर्शन के लिए प्रतीक्षा कर रहे श्रद्धालुओं को धूप से राहत मिल सके। कतार मार्ग में मैट बिछाई गई थीं और पेयजल की व्यवस्था भी सुनिश्चित की गई थी। प्रशासनिक अधिकारियों और मंदिर कर्मचारियों की टीमें पूरे दिन व्यवस्था बनाए रखने में जुटी रहीं।
रविवार को श्रद्धालुओं की संख्या सामान्य दिनों की तुलना में काफी अधिक रही। श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए मंदिर प्रशासन द्वारा सभी आवश्यक प्रबंध किए गए थे। दर्शन व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए अतिरिक्त कर्मचारियों की भी तैनाती की गई थी। पूरे दिन श्रद्धालुओं ने शांतिपूर्वक और व्यवस्थित ढंग से माता रानी के दर्शन किए।-संजीव कुमार, मंदिर अधिकारी।








