एजेंसी।कोलकाता
मशहूर नृत्यांगना एवं कोरियोग्राफर अमला शंकर का शुक्रवार सुबह निधन हो गया। वह 101 वर्ष की थीं। पारिवारिक सूत्रों ने बताया कि वह उम्र संबंध परेशानियों का सामना कर रहीं थीं और नींद में ही दिल का दौरा पडऩे से उनका निधन हो गया। शंकर मशहूर नर्तक एवं कोरियोग्राफर उदय शंकर की पत्नी और दिग्गज सितार वादक पंडित रवि शंकर की भाभी हैं।
उनकी पोती एवं नृत्यांगना श्रीनंदा शंकर ने फेसबुक पर लिखा, आज हमारी थम्मा हमें छोड़ गईं। वह 101 वर्ष की थीं। हमने पिछले महीने ही उनका जन्मदिन मनाया था। काफी बेचैन हूं, मुंबई और कोलकाता के लिए कोई उड़ान उपलब्ध नहीं है। भगवान उनकी आत्मा को शांति दे।
उन्होंने कहा, एक युग का अंत। ….जो कुछ भी दिया उसके लिए शुक्रिया। 90 वर्ष की उम्र तक सक्रिय रहीं अमला शंकर को कला के क्षेत्र में उनके योगदान के लिए पश्चिम बंगाल सरकार ने 2011 में बंग विभूषण से सम्मानित किया था। मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने शोक जताते हुए कहा कि उनके निधन से नृत्य की दुनिया को अपूरणीय क्षति पहुंची है।