शिमला। हिमाचल प्रदेश के प्रसिद्ध धार्मिक स्थल चूड़धार में रविवार रात चार श्रद्धालुओं के रास्ता भटकने से हड़कंप मच गया। घने जंगल, दुर्गम पहाड़ी रास्ते और अंधेरे के बीच शिमला पुलिस ने रातभर सर्च ऑपरेशन चलाकर सभी श्रद्धालुओं को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। 112 कंट्रोल रूम शिमला को सूचना मिलते ही चौपाल पुलिस की टीम बिना देरी किए चूड़धार क्षेत्र में पहुंची और तलाश अभियान शुरू किया।

112 पर आई कॉल, तुरंत शुरू हुआ रेस्क्यू
पुलिस के अनुसार, चूड़धार यात्रा से लौट रहे श्रद्धालुओं को जंगल में रास्ता नहीं मिल रहा था। उन्हें अपनी सही लोकेशन का भी पता नहीं चल पा रहा था। ऐसे में उन्होंने मदद के लिए 112 कंट्रोल रूम से संपर्क किया। सूचना मिलते ही पुलिस थाना चौपाल की टीम ने रात में ही सर्च और रेस्क्यू अभियान शुरू कर दिया। चुनौती यह थी कि रात के अंधेरे में चूड़धार का जंगल बेहद दुर्गम हो जाता है और कई हिस्सों में रास्ते पहचानना मुश्किल होता है।
आधी रात को पताल खड्ड की ओर मिले दो श्रद्धालु
पुलिस टीम ने जंगल में काफी देर तक तलाश जारी रखी। आधी रात के समय पुलिस जवानों ने राहुल (22) और साकेत (21) को पताल खड्ड की ओर जंगल से सुरक्षित खोज निकाला। दोनों श्रद्धालु पंजाब के मोहाली निवासी हैं। उन्हें सुरक्षित बाहर निकालने के बाद पुलिस टीम को पता चला कि चूड़धार क्षेत्र में दो अन्य श्रद्धालु भी रास्ता भटक गए हैं।
दूसरी टीम की तलाश भी जारी रही
पुलिस ने राहत की सांस लेने के बजाय तुरंत दूसरे दोनों श्रद्धालुओं की तलाश शुरू कर दी। अंधेरे और कठिन पहाड़ी परिस्थितियों के बीच जवान लगातार जंगल में आगे बढ़ते रहे। तलाश के दौरान पुलिस ने राहुल (26) और उनकी पत्नी मधु (24) को भी सुरक्षित खोज निकाला। दोनों हरियाणा के करनाल जिले के रहने वाले हैं। इस तरह रातभर चले अभियान में पुलिस ने चारों श्रद्धालुओं को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
चारों श्रद्धालु सुरक्षित, पुलिस ने की सावधानी बरतने की अपील
रेस्क्यू के बाद चारों श्रद्धालुओं को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया गया। रात के समय जंगल में रास्ता भटकने के कारण उन्हें बाहर निकालने में पुलिस टीम को काफी मशक्कत करनी पड़ी। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि चूड़धार जैसे दुर्गम धार्मिक और पर्यटन क्षेत्रों में जाने से पहले रास्ते, मौसम और स्थानीय परिस्थितियों की जानकारी जरूर रखें।
SSP शिमला ने पुलिस टीम की सराहना की
एसएसपी शिमला गौरव सिंह ने सोमवार को बताया कि सूचना मिलते ही चौपाल पुलिस ने बिना देरी किए रेस्क्यू अभियान शुरू कर दिया था। उन्होंने कहा कि रात के समय चूड़धार जैसे दुर्गम और घने जंगल वाले इलाके में तलाश करना चुनौतीपूर्ण था, लेकिन पुलिस जवानों ने लगातार अभियान जारी रखा और चारों श्रद्धालुओं को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
श्रद्धालुओं के लिए बड़ी सीख
चूड़धार की धार्मिक यात्रा श्रद्धा के साथ-साथ कठिन पहाड़ी परिस्थितियों से भी जुड़ी है। दिन के उजाले में आसान नजर आने वाले जंगल के रास्ते रात में बेहद चुनौतीपूर्ण हो सकते हैं। ऐसे में थोड़ी सी सावधानी किसी बड़े संकट को टाल सकती है।








