चंबा, 13 नवंबर। जिला चंबा में बुधवार रात दो समुदायों के बीच हुई झड़प के बाद माहौल तनावपूर्ण हो गया। मामूली कहासुनी से शुरू हुआ विवाद हिंसक रूप ले बैठा, जिसके बाद दोनों पक्षों में हाथापाई हुई और एक युवक ने तेजधार हथियार का इस्तेमाल कर दिया। इस हमले में दो लोग घायल हो गए। जानकारी के अनुसार घटना चामुंडा मार्ग क्षेत्र में हुई। घायलों के परिजनों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस ने घायलों का मेडिकल करवाकर मामला दर्ज कर लिया। हालांकि, घटना के बाद स्थानीय लोगों में भारी रोष फैल गया।
पुलिस कार्रवाई की मांग पर भड़के लोग
बता दें कि रात होते-होते बड़ी संख्या में लोग चंबा पुलिस चौकी के बाहर जमा हो गए और पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी। लोगों का आरोप था कि हमलावरों ने न केवल हमला किया, बल्कि स्थानीय देवी-देवताओं का अपमान भी किया। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि पुलिस को तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपियों की गिरफ्तारी करनी चाहिए।
गुस्साए लोगों ने करीब रात 10 बजे तक पुलिस स्टेशन का घेराव किया, जिससे कुछ समय के लिए शहर का यातायात भी प्रभावित रहा। सूचना मिलते ही एएसपी हितेश लखनपाल मौके पर पहुंचे और उन्होंने प्रदर्शनकारियों से शांति बनाए रखने की अपील की। एएसपी ने लोगों को भरोसा दिलाया कि आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस की सख्ती और लोगों की चेतावनी
वहीं स्थानीय नागरिकों का कहना है कि चंबा जैसा शांत इलाका ऐसी घटनाओं का आदी नहीं है और इस तरह की हिंसा समाज में असंतोष फैलाती है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र कार्रवाई नहीं की गई, तो वे पुनः धरना-प्रदर्शन करेंगे।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, चामुंडा मार्ग पर हुए विवाद में दो युवक घायल हुए हैं और जिन नामों का उल्लेख शिकायत में किया गया है, उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है। फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है, लेकिन पुलिस पूरे मामले पर कड़ी नजर रखे हुए है।