नाहन। मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर बजट 2022-23 पर लाइव संवाद कार्यक्रम के तहत आज जिला सिरमौर के लोगों से भी जुड़े। इस दौरान नाहन सहित जिला सिरमौर में 6 एलईडी स्क्रीनों के माध्यम से मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने भाजपा नेताओं, अधिकारियों व लोगों से बजट को लेकर शिमला से लाइव संवाद किया। दरअसल नाहन में आयोजित इस कार्यक्रम में वन निगम के उपाध्यक्ष एवं जिला सिरमौर भाजपा के अध्यक्ष विनय गुप्ता विशेष रूप से मौजूद रहे।
कार्यक्रम के पश्चात वन निगम के उपाध्यक्ष एवं जिला भाजपा अध्यक्ष विनय गुप्ता ने मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर द्वारा पेश किए गए बजट की खूब सराहना करते हुए इसे आमजन व कर्मचारी हितैषी बजट करार दिया। उन्होंने कहा कि बजट में हर वर्ग का ख्याल रखा गया है। सिरमौर जिला के लिए भी बजट में कहीं बड़ी घोषणाएं की गई है। आईजीएमसी शिमला व टांडा मेडिकल कॉलेज की तर्ज पर मेडिकल कॉलेज में भी कैथ लेब की स्थापना की घोषणा की गई है। साथ ही मेडिकल कॉलेज में सभी रिक्त पदों को जल्द भरे जाने की बात भी कही गई है। इससे जिला की जनता को स्वास्थ्य के क्षेत्र में बड़ा लाभ मिलेगा।
कालाअंब व त्रिलोकपुर में करीब 35 करोड़ रुपये सीवरेज व्यवस्था के लिए देने का बजट में प्रावधान किया गया है। इसके अलावा धारटीधार व बेचड़ का बाग के लिए आईटीआई की सौगात दी है। विनय गुप्ता ने कहा कि बजट में श्री रेणुका जी विधानसभा क्षेत्र में भी पर्यटन की दृष्टि से कई कार्यों की घोषणा की गई है। विनय गुप्ता ने कहा कि मुख्यमंत्री द्वारा बजट में की गई घोषणाओं से जिला सिरमौर को भी बड़ा लाभ मिलेगा। इसके लिए उन्होंने मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर का आभार व्यक्त किया।