साहिल सन्नी : पालमपुर
मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर व शांता कुमार के बीच वीरवार को राजनीतिक मसलों पर चर्चा हुई। पूर्व मुख्यमंत्री शांता कुमार ने बुधवार को ही बयान जारी कर बताया था कि तबीयत ठीक न होने के कारण वह कार्यक्रम में शिरकत नहीं कर पाएंगे, जिसके चलते सीएम जयराम ठाकुर शांता कुमार के निवास स्थान पहुंचे। दोनों नेताओं ने अकेले में आधे घंटे तक मंत्रणा की।
आगामी चुनावों को देखते हुए यह मुलाकात अहम मानी जा रही है। पालमपुर में राजनीति की बात करे तो शांता कुमार बड़ा स्थान रखते हैं और जयराम ठाकुर से भी उनके संबंध मधुर माने जाते हैं। आगामी चुनावों में भाजपा की पालमपुर में क्या रणनीति रहेगी। वहीं कौन चेहरा होगा इन सब मसलों को लेकर यह मुलाकात अहम मानी जा रही है।
सप्ताह में चौथी बार सीएम कांगड़ा में
राजनीति में कांगड़ा अहम भूमिका निभाता है, यही वजह है कि चुनावी वर्ष में मुख्यमंत्री एक हफ्ते में चौथी बार कांगड़ा प्रवास पर आए हैं। वहीं राष्ट्रीय अध्यक्ष नड्डा भी 20 व 21 को कांगड़ा जिले में होंगे । अब दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल भी 23 को कांगड़ा में जनसभा को संबोधित करेगें अब यह आने वाला समय ही बताएगा कि कांगड़ा की जनता किस पर अपना विश्वास जताती है। मुख्यमंत्री जयराम का कहना है कि आप पार्टी सिर्फ राजनीतिक मकसद से हिमाचल में आ रही है, हमारे ऊपर प्रदेश के विकास की जिम्मेदारी है इसलिए हमारा उनसे कोई मुकाबला ही नहीं है।