सीएम ने कांग्रेस पर कसा तंज
तकनीकी विश्वविद्यालय को दिया जाएगा 10 करोड़ रुपये का आवर्ती अनुदान
हिमाचल दस्तक ब्यूरो। हमीरपुर
हमीरपुर के एकदिवसीय प्रवास पर पहुंचे मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के निशाने पर कांग्रेस रही। हिमाचल प्रदेश तकनीकी विश्वविद्यालय हमीरपुर के प्रांगण में उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार का उद्देश्य हर उस विकास कार्य को गति देना है जो जनता के हित में हो। आधारशिला किसी भी ने रखी हो, इस कार्य को गति देना उनका प्राथमिक है, लेकिन कांग्रेस ने हमेशा ही विकास कार्यों के प्रति द्वेष भावना से कार्य किया है।
यही कारण है कि तकनीकी विश्वविद्यालय की आधार शिला पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल ने रखी थी, लेकिन सरकार बदलते ही कांग्रेस ने इसका कार्य धीमा कर दिया। भाजपा सरकार ने सत्ता संभालते ही इस कार्य को पूरा कर शिक्षात्मक ढांचे को मजबूत किया है। उन्होंने कांग्रेस पर तंज कसते हुए कहा कि हम बोलेंगे तो बोलोगे ये बोलता है। इसलिए हमें चुप ही रहने दें। उन्होंने कहा कि हिमाचल का सौभाग्य है कि केंद्र में स्थापित मोदी सरकार का उन्हें भरपूर सहयोग है। हिमाचल से केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री अनुराग ठाकुर हैं, जबकि संगठन के कार्यकारी अध्यक्ष जेपी नड्डा हैं। इससे बड़ा कोई सौभाग्य नहीं हो सकता।
जयराम ठाकुर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार हिमाचल प्रदेश को उदार आर्थिक सहायता प्रदान कर रही है। केंद्र ने प्रदेश के लिए 10 हजार 500 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाएं स्वीकृत की हैं, जिनसे राज्य विकास पथ पर तेजी से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि पिछली सरकार ने राज्य पर 46 हजार 500 करोड़ रुपये से अधिक ऋण का बोझ छोड़ा था, लेकिन अपने कुशल वित्तीय प्रबंधन के कारण वर्तमान सरकार राज्य की खराब आर्थिकी को पटरी पर लाने में सफल हुई है।
उन्होंने कहा कि सरकार ने सत्ता संभालने के कुछ समय बाद ही जन समस्याओं के शीघ्र समाधान के उद्देश्य से जन मंच की पहल की। इसके कारण अभी तक लाखों लोगों की समस्याओं का समाधान हुआ है। सरकार ने इस दिशा में एक और कदम बढ़ाते हुए मुख्यमंत्री हेल्पलाइन आरंभ की है, जिससे लोग अपने घरों से ही अपनी समस्याओं का हल करवा सकेंगे।
6 महीने में पूरा होगा नए ब्लॉक का निर्माण
मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा कि प्रदेश सरकार हिमाचल प्रदेश तकनीकी विश्वविद्यालय हमीरपुर को 10 करोड़ रुपये का आवर्ती अनुदान प्रदान करेगी। उन्होंने कहा कि तकनीकी विश्वविद्यालय परिसर के नए ब्लॉक के निर्माण का कार्य आगामी छह महीनों में पूरा किया जाएगा और यहां विद्यार्थियों को श्रेष्ठ शैक्षणिक अधोसंरचना उपलब्ध करवाई जाएगी।