वरिष्ठ संवाददाता : शिमला
सीएम जयराम ठाकुर ने विश्व पर्यावरण दिवस पर रविवार को दिल्ली में हुए कार्यक्रम में भाग लिया। विज्ञान भवन में ईशा फाउंडेशन की ओर से कांशियस प्लैनेट- द वे फॉरवर्ड कार्यक्रम में भाग लिया। प्रधानमंत्री ने लोगों को इस दौरान संबोधित किया। वहीं योगी, आध्यात्मिक गुरु और फाउंडेशन के संस्थापक ने अपने आंदोलन सेव सॉयल के बारे में विस्तार से बताया। इस गहन चिंतन सत्र को आयोजित करने का उद्देश्य आने वाली पीढिय़ों के लिए एक जागरूक विश्व तैयार करने पर विचार-विमर्श करना है।
इस सत्र में केंद्रीय मंत्रियों, विभिन्न राज्यों के मुख्यमंत्रियों, विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े हुए लोगों और स्वयंसेवकों ने भाग लिया। मुख्यमंत्री ने केंद्रीय जनजातीय कार्य मंत्री अर्जुन मुंडा से नई दिल्ली में भेंट की। मुख्यमंत्री ने केंद्रीय मंत्री से जनजातीय कल्याण से जुड़े विभिन्न मामलों पर चर्चा की और मंत्रालय के पास लंबित मामलों को शीघ्र स्वीकृति प्रदान करने का आग्रह किया। केंद्रीय मंत्री ने हरसंभव मदद का आश्वासन दिया। मुख्यमंत्री के साथ प्रधान आवासीय आयुक्त एसके सिंगला भी थे।