शिक्षा विभाग में भरे जाएंगे लेक्चरर और असिस्टेंट लेक्चरर के 400-400 पद, सिद्धार्थ राजकीय महाविद्यालय नादौन में मुख्यमंत्री ने मेधावी विद्यार्थियों को वितरित किए पुरस्कार
नादौन । सिद्धार्थ राजकीय महाविद्यालय नादौन के 29वें वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह में मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित किया। इस अवसर पर उन्होंने सभी मेधावी छात्रों को बधाई देते हुए कहा कि राज्य सरकार विद्यार्थियों को भविष्य की चुनौतियों के लिए तैयार करने के उद्देश्य से शिक्षा व्यवस्था में आवश्यक सुधार कर रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में 140 स्कूलों को सीबीएसई पाठ्यक्रम आधारित किया जा रहा है और अगले दो महीनों के भीतर इन स्कूलों में सभी आवश्यक अध्यापक उपलब्ध करवा दिए जाएंगे। इन स्कूलों के विद्यार्थियों के लिए अलग ड्रेस कोड भी निर्धारित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि शिक्षा विभाग में जल्द ही लेक्चरर के 400 और असिस्टेंट लेक्चरर के 400 पद भरे जाएंगे। इसके अलावा साइंस कॉलेज हमीरपुर के लिए 20 करोड़ रुपये देने की घोषणा भी की। मुख्यमंत्री ने नादौन राजकीय महाविद्यालय में 17.22 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले बहुद्देश्यीय हॉल का शिलान्यास भी किया।

हमीरपुर में कैंसर अस्पताल के लिए 300 करोड़ स्वीकृत
मुख्यमंत्री ने कहा कि हमीरपुर में कैंसर अस्पताल के लिए 300 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं। यहां सुपर स्पेशलिटी ब्लॉक भी स्थापित किया जाएगा और 100 करोड़ रुपये की लागत से मदर एंड चाइल्ड अस्पताल का निर्माण किया जा रहा है। नादौन कॉलेज में आने वाले समय में नए कोर्स शुरू किए जाएंगे। अगले शैक्षणिक सत्र से यहां भौतिक विज्ञान, जीव विज्ञान, वनस्पति विज्ञान के साथ एमसीए और एमबीए कोर्स भी प्रारंभ किए जाएंगे। मुख्यमंत्री सांस्कृतिक कार्यक्रमों के लिए पांच लाख रुपये प्रदान करने की घोषणा की।
नादौन स्पोर्ट्स टूरिज्म का केंद्र बनकर उभरेगा
मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘नादौन मेरी जन्मभूमि भी है और कर्मभूमि भी। मैं यहां का विकास सुनिश्चित कर रहा हूं और आने वाले समय में नादौन स्पोर्ट्स टूरिज्म का केंद्र बनकर उभरेगा।’’ खरीड़ी में 160 करोड़ रुपये की लागत से अत्याधुनिक स्पोर्ट्स सेंटर बनाया जा रहा है, जिसे जून तक पूरा कर लिया जाएगा। इसके अतिरिक्त ब्यास नदी पर 300 करोड़ रुपये की लागत से रिवर फ्रंट विकसित किया जाएगा, जबकि 80 करोड़ रुपये से रिवर राफ्टिंग सेंटर और 100 करोड़ रुपये से वेलनेस सेंटर स्थापित किया जाएगा। नादौन विधानसभा क्षेत्र में इसी सत्र से 9 सीबीएसई स्कूल शुरू किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि हमीरपुर में 300 करोड़ रुपये की लागत से नया बस अड्डा भी बनाया जा रहा है। प्रदेश में लोगों को स्वच्छ पेयजल उपलब्ध करवाने के लिए पानी की गुणवत्ता सुधार पर 1500 करोड़ रुपये व्यय किए जाएंगे।
जनता के आशीर्वाद से प्रदेश की सेवा करने का मिला अवसर
मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2022 के विधानसभा चुनावों के दौरान इसी कॉलेज में मतगणना के समय उन्हें भावनात्मक क्षणों का अनुभव हुआ। उन्होंने कहा कि भाग्य और जनता के आशीर्वाद से उन्हें प्रदेश की सेवा करने का अवसर मिला है। उन्होंने कहा ‘मन में सवाल था कि क्या कांग्रेस की सरकार बनेगी और मुख्यमंत्री कौन बनेगा। पद एक होता है, चाहने वाले बहुत होते हैं। भगवान के आशीर्वाद से मैं सबसे लंबी अवधि तक कांग्रेस का अध्यक्ष रहा और मुझसे पहले डॉ. यशवंत सिंह परमार की पत्नी विद्या डांग 6 साल 10 महीने अध्यक्ष रही थीं। भाग्य ने साथ दिया और मुझे मुख्यमंत्री बनने का मौका मिला है। देश के इतिहास में कोई जिला ही होगा, जहां से दो मुख्यमंत्री बने हैं। भाजपा से प्रो. प्रेम कुमार धूमल मुख्यमंत्री रहे और अब यह सौभाग्य मुझे मिला है।’’

आने वाला समय हिमाचल के युवाओं का
मुख्यमंत्री ने कहा कि आने वाला समय हिमाचल के युवाओं का है। उन्होंने दोहराया कि हिमाचल वर्ष 2027 तक आत्मनिर्भर और 2032 तक सबसे समृद्धशाली राज्य बनेगा। उन्होंने कहा ‘‘भाजपा इसका मजाक बनाती है क्योंकि उन्होंने कुछ नहीं किया, लेकिन हम प्रदेश के लोगों का भविष्य संवारेंगे।’’ पिछली भाजपा सरकार को आरडीजी और जीएसटी कंपनसेशन के रूप में 70 हजार करोड़ रुपये मिले, जबकि हमें आरडीजी के रूप में सिर्फ 17 हजार करोड़ रुपये मिले। उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता को संविधान के अनुच्छेद 275 (1) में आरडीजी का अधिकार दिया गया है, जिसे बंद कर दिया गया है।













