बिलासपुर । मुख्यमंत्री सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने आज बिलासपुर जिले के घुमारवीं विधानसभा क्षेत्र के निहारी में वन महोत्सव का शुभारंभ करते हुए वन मित्रों के मासिक मानदेय को 10,000 रुपये से बढ़ाकर 12,000 रुपये करने की घोषणा की। इस अवसर पर उन्होंने सहजन का पौधा भी रोपा। वन महोत्सव के अंतर्गत प्रदेश में 7,000 हेक्टेयर भूमि पर 50 लाख से अधिक पौधे लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।

इसके उपरांत, दधोल में आयोजित समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने भराड़ी उप-तहसील को तहसील का दर्जा देने की घोषणा की। उन्होंने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र हटवाड़ में डॉक्टरों के दो अतिरिक्त पद सृजित करने, तड़ौन ग्राम पंचायत में पशु औषधालय खोलने तथा राजकीय महाविद्यालय घुमारवीं में एमबीए, एमसीए और एमटीए की कक्षाएं शुरू करने की घोषणा भी की।

इसके अलावा राजकीय महाविद्यालय घंडावली में बीबीए और बीसीए की कक्षाएं शुरू की जाएंगी। मुख्यमंत्री ने 15 अगस्त को स्वतंत्रता दिवस समारोह के लिए विद्यालयों में आयोजित होने वाले कार्यक्रमों के बदले 17 अगस्त, 2026 को प्रदेश के सभी विद्यालयों में अवकाश की घोषणा की।
बिलासपुर में 475 करोड़ लागत की 31 विकासात्मक परियोजनाओं के लोकापर्ण और शिलान्यास





मुख्यमंत्री सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने आज बिलासपुर जिले के घुमारवीं विधानसभा क्षेत्र के डढोल में 475 करोड़ रुपये की लागत वाली 31 विकास परियोजनाओं के उद्घाटन एवं शिलान्यास किए। मुख्यमंत्री ने घुमारवीं विधानसभा क्षेत्र में 4.56 करोड़ रुपये की लागत से जल जीवन मिशन के तहत छूटे हुए परिवारों को कार्यात्मक घरेलू नल कनेक्शन उपलब्ध करवाने के लिए उठाऊ पेयजल आपूर्ति योजना कोट-देहरा-हटवार के रेट्रोफिटिंग कार्य, 4.17 करोड़ रुपये की लागत से विभिन्न पेयजल योजनाओं के वितरण तंत्र में लगी जंग और जाम पाइपों को बदलने, 6.45 करोड़ रुपये के कौशल विकास केंद्र घुमारवीं, 2.52 करोड़ रुपये के पीएम श्री राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय भराड़ी भवन, 9.38 करोड़ रुपये के सिविल अस्पताल घुमारवीं में आईपीडी ब्लॉक भवन, 2.81 करोड़ रुपये के बरोटा-डमेहर-उंडा-मिहाड़ा संपर्क मार्ग, 7.42 करोड़ रुपये की रोपड़ी-मैर-हरितल्यांगर तथा तरघेल-कुरसाई-छतर-बरोटा सड़क के उन्नयन, 1.85 करोड़ रुपये के एनएच-103 से भगड़वान संपर्क मार्ग, 6.42 करोड़ रुपये की तरघेल-लदौर सड़क के उन्नयन तथा घुमारवीं विधानसभा क्षेत्र में विभिन्न सड़कों की 72 करोड़ रुपये की मरम्मत कार्यों का उद्घाटन किया।
सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने 7.60 करोड़ रुपये की लागत से तहसील घुमारवीं में एलआईएस छत हिमर के सुधार एवं संवर्धन, 56 लाख रुपये के भराड़ी स्थित किसान संवाद केंद्र हॉल, 34.44 करोड़ रुपये के आईटीआई घुमारवीं के विस्तार, 7.49 करोड़ रुपये के सीबीटी केंद्र, 12 करोड़ रुपये के कौशल अकादमी भवन घुमारवीं, 29.43 करोड़ रुपये के राजीव गांधी राजकीय मॉडल डे-बोर्डिंग स्कूल भवन हटवाड़, 3.67 करोड़ रुपये के स्पोर्ट्स क्लब घुमारवीं, 3 करोड़ रुपये के स्पोर्ट्स स्टेडियम भराड़ी, 2 करोड़ रुपये के स्पोर्ट्स स्टेडियम मच्छवां, 8.53 करोड़ रुपये के सिविल अस्पताल घुमारवीं के बहुउद्देशीय भवन, 7.62 करोड़ रुपये के हिमुडा वाणिज्यिक परिसर एवं अधिशासी अभियंता कार्यालय भवन घुमारवीं, 15 करोड़ रुपये के एनएच-154 पर औहर में वाणिज्यिक सुविधाओं के विकास, 103.31 करोड़ रुपये के भजवाणी गांव के समीप सतलुज नदी पर पुल, 93.52 करोड़ रुपये के औहर फेज-2 में वे-साइड एमेनिटीज, 2.77 करोड़ रुपये के तहसील कार्यालय भवन भराड़ी, 13.51 करोड़ रुपये के जुनाला-करलोटी-छत-बेरथिन सड़क के उन्नयन, 95 लाख रुपये के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र लेहरी सरैल, पांच करोड़ रुपये के बाल आश्रम घुमारवीं तथा 5 करोड़ रुपये की कांगू-कंदरौर 33 केवी विद्युत लाइन के सुदृढ़ीकरण एवं संवर्धन कार्यों की आधारशिला रखी।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि सिल्क समग्र-2 योजना के तहत बिलासपुर जिले के घुमारवीं उपमंडल में रेशम उत्पादन से संबंधित विभिन्न घटकों के लिए किसानों के लिए 2.44 करोड़ रुपये की राशि स्वीकृत की गई है। इस योजना के अंतर्गत क्षेत्र के लिए 100 रेशम कीट पालन गृह स्वीकृत किए गए हैं। प्रत्येक रेशम कीट पालन गृह के लिए 1.85 लाख रुपये की वित्तीय सहायता प्रदान करने का प्रावधान किया गया है। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने योजना के 10 लाभार्थियों को चेक भी वितरित किए।








