शिमला:
प्रदेश में आने वाले एक हफ्ते तक मौसम के साफ रहने का अनुमान है। ऐसे में आने वाले एक सप्ताह तक प्रदेश में अच्छी धूप खिलने के आसार है। ऐसे में कड़ाके की सर्दी झेल रहे लोगों को ठंड से राहत मिलने की संभावना है।
हालांकि मौसम विभाग की ओर से मंगलवार को प्रदेश के मध्यम एवं ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बारिश व बर्फबारी की संभावना जताई गई थी, लेकिन इस दौरान कहीं भी बारिश व बर्फबारी दर्ज नहीं की गई है। दिनभर काले बादल छाए रहे। इससे प्रदेश में मौसम शुष्क बना रहा और लोगों को ठंड के प्रकोप से फिर दो चार होना पड़ा। प्रदेश के पांच शहरों में जहां तापमान माइनस में चल रहा है तो वहीं राजधानी शिमला सहित कई क्षेत्रों में तामपान शून्य डिग्री के आसपास चल रहा है।
ऐसे में लोगों को ठंड में ठिठुरना पड़ रहा है। मौसम विभाग की ओर से आने वाले एक हफ्ते तक मौसम के साफ रहने के अनुमान के बाद उम्मीद जताई जा रही है कि प्रदेश के लोगों को आने वाले दिनों में कड़ाके की सर्दी से कुछ हद तक राहत मिल सकती है। वहीं प्रदेश में मंगलवार प्रदेश का सबसे कम तापमान लाहौल-स्पीति के केलंग में ही दर्ज किया गया। यहां का न्यूनतम तापमान-12.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है।
बरठीं में सबसे ज्यादा तापमान दर्ज
प्रदेश का अधिकतम तापमान बिलासपुर जिला के बरठीं में दर्ज किया गया है। यहां का अधिकतम तापमान 23.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। वहीं कल्पा में न्यूनतम तापमान -8.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। इसके अलावा मनाली में -3.4, कुफरी में -1.2, धर्मशाला में 1.8 और चंबा में 2.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है।