हिमाचल प्रदेश के सभी सरकारी कॉलेजों में अब शिक्षकों, गैर शिक्षकों को मोबाइल एप्लीकेशन पर हाजिरी लगाना जरूरी होगा। 15 नवंबर से कॉलेजों में हाजिरी मोबाइल ऐप के जरिए ही लगेगी। गुरुवार को उच्च शिक्षा विभाग ने इस संबंध में आदेश जारी कर दिए हैं। अगर मोबाइल एप्लीकेशन पर हाजिरी नहीं लगती है तो कॉलेज प्रधानाचार्यों से उच्च शिक्षा विभाग जवाब तलब करेगा।
गुरुवार को जारी निर्देशों में उच्च शिक्षा ने कहा है कि इस संबंध में हिमाचल प्रदेश के डिजिटल प्रौद्योगिकी एवं शासन विभाग द्वारा सभी सरकारी महाविद्यालयों के लिए हिम एक्सेस पोर्टल पर कर्मचारियों के पंजीकरण की सुविधा के लिए प्रशिक्षण सत्र आयोजित किए जा चुके हैं। कर्मचारियों की मैपिंग को सक्षम बनाने के लिए प्रत्येक महाविद्यालय के लिए डीडीओ खाते बनाए गए हैं।
हिम एक्सेस चरण-दर-चरण दिशा निर्देश डीडीओ/प्रशासक भूमिका और डीडीओ के लिए एचपी एसीबीएएस मोबाइल एप्लिकेशन कार्यालय विन्यास एवं उपस्थिति प्रबंधन नियमावली भी सभी महाविद्यालयों के साथ साझा की गई है। ऐसे में सभी कॉलेज प्रधानाचार्यों को निर्देश दिया जाता है कि 15 नवंबर से सभी शिक्षण एवं गैर-शिक्षण कर्मचारियों की उपस्थिति मोबाइल एप्लीकेशन के माध्यम से सुनिश्चित करें तथा इसकी सूचना निदेशालय को दें और उसका अनुपालन करें।