अंतरराज्यीय बस अड्डा ऊना में एचआरटीसी बस कंडक्टर के साथ मारपीट हुई है। घटना में कंडक्टर को चोटिल हुआ है। पुलिस ने कंडक्टर की शिकायत पर दो लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर आगामी कार्यवाही शुरू कर दी हैं। वहीं, घायल का क्षेत्रीय अस्पताल ऊना में उपचार करवाया गया है।
पुलिस को दी शिकायत में शिव कुमार पुत्र हुक्म चंद निवासी अजनौली ने बताया कि यह एचआरटीसी विभाग के चंबा डिपो में बतौर कंडक्टर कार्यरत हूं। गत दिवस चंबा से दिल्ली रूट पर बस लेकर ऊना पहुंचा, इस दौरान बस स्टैंड के अंदर कुछ युवक अपनी को गाड़ी को घुमा रहे थे। इसी दौरान चालक ने कार को हमीरपुर डिपो की बस के आगे खड़ा कर दिया और बस चालक के साथ बहसबाजी कर रहे थे।
शिकायतकर्ता ने बताया कि इनकी बस पर्ची काऊंटर पर ही थी। बहसबाजी देखकर इसने हमीरपुर डिपो बस चालक से मामले के बारे में पूछा, लेकिन चालक के जबाब न देने पर इसने उक्त कार से उतरे लड़के से कार को बस के आगे से हटाने को कहा। ताकि ये अपनी बस को निकलवा सके। शिकायतकर्ता ने बताया कि इस पर उक्त युवक ने बिना कोई बात किए इसके साथ मारपीट करनी शुरु कर दी।
तभी उपरोक्त कार से इसके साथ के दो युवकों मनप्रीत सिंह निवासी बहडाला और अर्पित ठाकुर निवासी लोअर बढेडा ने भी इसके साथ मारपीट शुरू कर दी और इसका कैश बैग मौका पर नीचे गिरा दिया। घटना देख बस अड्डा इंचार्ज जीवन कुमार व अन्य लोगों ने बड़ी मुश्किल से आरोपियों के चंगुल से निकाला।
शिकायतकर्ता ने बताया कि घटना में इसे मुंह और सिर पर चोटें आई हैं। जिसका पुलिस की मदद से क्षेत्रीय अस्पताल ऊना में मेडिकल करवाया गया है। साथ ही जब इसने अपना कैश बैग चैक किया तो बैग में से 9,400 रुपये कम पाए गए। एएसपी ऊना संजीव भाटिया ने बताया कि मामले को लेकर दो लोगों पर केस दर्ज कर आगामी कार्यवाही शुरू की दी है।