शिमला। कांग्रेस पार्टी ने नगर निगम चुनावों के लिए इंचार्ज लगा दिए हैं। प्रदेश सरकार के मंत्रियों के साथ विधायकों व दूसरे औहदेदारों को जिम्मेदारी सौंपी गई है। अभी तीन नगर निगमों को लेकर सूची जारी कर दी गई है। पालमपुर नगर निगम के लिए नगर नियोजन मंत्री राजेश धर्माणी के साथ खेल एवं युवा सेवाएं मंत्री यादविंद्र गोमा व विधायक आशीष बुटेल को इंचार्ज बनाया गया है। पालमपुर नगर निगम में वार्ड वाइज इंचार्ज भी लगाए गए हैं जिनमें वार्ड 1 से 5 तक के इंचार्ज विधायक संजय रत्न होंगे। वार्ड 6 से 10 तक के इंचार्ज विधायक भवानी सिंह पठानिया होंगे। वहीं जोन तीन में वार्ड 11 से 15 तक के इंचार्ज विधायक नीरज नैय्यर रहेंगे। यहां लीगल एडवाइजर के रूप में एडवोकेट अमित सूद व एडवोकेट मृदुल नाग को जिम्मेदारी सौंपी गई हैं। सोशल मीडिया इंचार्ज दिनेश शर्मा होंगे।

उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री को बनाया नगर निगम मंडी का वरिष्ठ पर्यवेक्षक
नगर निगम मंडी का वरिष्ठ पर्यवेक्षक उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री को बनाया गया है। इस नगर निगम के इंचार्ज लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह व शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर होंगे जबकि सह इंचार्ज जिला अध्यक्ष चंपा ठाकुर को बनाया गया है। इनके अलावा वार्ड एक का इंचार्ज बुद्धि सिंह ठाकुर को बनाया गया है, वहीं वार्ड 2 में विधायक चन्द्र शेखर, वार्ड तीन में विधायक अनुराधा राणा, वार्ड 4 शशि शर्मा, वार्ड 5 में राकेश कालिया, वार्ड 6 में विधायक सुरेश कुमार, वार्ड 7 में कैप्टन रणजीत सिंह, वार्ड 8 में भुवनेश्वर गौड़, वार्ड 9 में संजीव गुलेरिया, वार्ड 10 में सुदर्शन बबलू, वार्ड 11 में विवेक शर्मा, वार्ड 12 में विक्रम शर्मा डिक्की, वार्ड 13 में यशवंत छाजटा, वार्ड 14 में महेश्वर चौहान तथा वार्ड 15 का इंचार्ज लाल सिंह कौशल को बनाया गया है। लीगल एडवाइजर के रूप में एडवोकेट जगदीश ठाकुर व एडवोकेट भीम ठाकुर जिम्मेदारी निभाएंगे। इनके अलावा सोशल मीडिया इंचार्ज दिनेश पटियाल व हितेष ठाकुर को बनाया गया है।
धर्मशाला नगर निगम चुनाव में चौधरी चंद्र कुमार वरिष्ठ पर्यवेक्षक नियुक्त
वहीं धर्मशाला नगर निगम चुनाव में कृषि मंत्री चौधरी चंद्र कुमार को वरिष्ठ पर्यवेक्षक के पद पर नियुक्त किया गया है। विधायक रघुबीर सिंह बाली इसके इंचार्ज होंगे। सह इंचार्ज के रूप में राज्यसभा सदस्य व जिला अध्यक्ष कांगड़ा अनुराग शर्मा के साथ पूर्व महापौर देवेन्द्र जग्गी को स्थान दिया गया है। वार्ड वाइज इंचार्ज में वार्ड 1, 6 व 14 का जिम्मा विधायक केवल सिंह पठानिया को सौंपा गया है। इनके अलावा वार्ड 2, 3 व 5 की जिम्मेदारी बतौर इंचार्ज विधायक मलेंद्र राजन, वार्ड 4 व 7 में पूर्व विधायक अजय महाजन व दिग्विजय मल्होत्रा, वार्ड 8 में संजय चौहान, वार्ड 9 में नरेन्द्र मुंगरा, वार्ड 10 व 11 में विधायक किशोरी लाल, वार्ड 12 में कुलदीप पठानिया, वार्ड 13 व 15 में अजय वर्मा, वार्ड 16 में मनोज कुमार तथा वार्ड 17 में डा. राजेश शर्मा को इंचार्ज बनाया गया है।
प्रत्याशियों को जीत दिलाने का दिया है जिम्मा
इस नगर निगम में कांग्रेस ने लीगल एडवाइजर के रूप में एडवोकेट विक्रम शर्मा व एडवोकेट विकेश ठाकुर को जिम्मा सौंपा गया है। मीडिया इंचार्ज पुनीत मलही व सोशल मीडिया इंचार्ज दिनेश शर्मा होंगे। अभी नगर निगम सोलन की सूची जारी होने शेष है जो बुधवार तक जारी होगी। जिन नेताओं को कांग्रेस ने जिम्मेदारी दी है उनको अपने-अपने वार्ड में प्रत्याशियों को जीत दिलाने का जिम्मा दिया है। यह अपने प्रभारियों व पर्यवेक्षकों के साथ संपर्क में रहेंगे।








