जय प्रकाश। संगड़ाह
कांग्रेस मंडल इकाई द्वारा शुक्रवार को हरिपुरधार में पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी की 77वीं जयंती मनाई गई।
इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने राजीव गांधी को श्रद्धासुमन अर्पित किए जाने के बाद हेलिपैड के समीप थ्यानबाग में उनकी याद में देवदार के पौधे रोपे। उनके जन्मदिवस पर हरिपुरधार जोन द्वारा विचार संगोष्ठी भी आयोजित की गई।
कांग्रेस मंडल अध्यक्ष तपेंद्र चौहान ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि राजीव गांधी के जीवन से प्रेरणा लेनी चाहिए। उन्होंने कहा कि राजीव गांधी मात्र 40 साल की उम्र में भारत के प्रधानमंत्री बने और देश में कंप्यूटर शिक्षा की शुरुआत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
उन्होंने कहा कि आज देश में जो संचार की क्रांति है, उसका श्रेय राजीव गांधी को जाता है। उन्होंने देश के युवाओं को 18 वर्ष की उम्र में मताधिकार दिलाया।
पीसीसी सदस्य यशपाल चौहान ने कहा कि राजीव गांधी द्वारा किए गए कार्यों को देश हमेशा याद रखेगा तथा उनके कार्यों को कांग्रेस पार्टी जन-जन तक पहुंचाएगी।
जिला युवा कांग्रेस उपाध्यक्ष ओपी ठाकुर ने कहा कि राजीव गांधी ने अमेरिका के साथ द्विपक्षीय संबंधो में सुधार किया और आर्थिक एवं वैज्ञानिक सहयोग का विस्तार किया।
इस दौरान ब्लॉक अध्यक्ष तपेंद्र चौहान, पीसीसी सदस्य यशपाल चौहान, पूर्व बीडीसी उपाध्यक्ष दलीप चौहान, जिला युवा कांग्रेस उपाध्यक्ष ओपी ठाकुर, महल कांग्रेस जोन अध्यक्ष अनिल शर्मा, जोन महासचिव अनिल ठाकुर, युवा कांग्रेस अध्यक्ष विवेक चौहान व मण्डल महासचिव नेत्र सिंह सहित दर्जनों कार्यकर्ता उपस्थित रहे।