मस्तराम डलैल। मंडी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने छोटी काशी मंडी से अपने राजनीतिक विरोधियों पर कटाक्ष करते हुए कहा कि देश में दो तरहकी राजनीति देखी जा रही है। एक विलंब की राजनीति और दूसरी विकास की। विलंब की राजनीति करने वालों ने हिमाचल की अनदेखी की। इसके चलते न तो अटल सुरंग का काम आगे बढ़ा और न ही रेणुका जी डैम। प्रधानमंत्री ने कांग्रेस की तरफ इशारा करते हुए कहा कि ऐसी राजनीति करने वाले परिवारवाद से ऊपर नहीं उठ पाए। वह अपने परिवार का ही भला सोचते रहे। पीएम का कहना था कि इसके विपरीत भाजपा विकास की राजनीति करती है और सरकार की यही कमिटमेंट है। हिमाचल में अटल सुरंग बनी, कालका-शिमला फोरलेन बना, कई रोपवे बनने हैं और पीएमजीएसवाई में सड़कें बनीं। इसके साथ सात साल में 7 लाख नल लगाए गए लेकिन हमारी सरकार ने 2 साल में ही 7 लाख से ज्यादा नल लगा दिए। इसे विकास की राजनीति कहते हैं।
पीएम ने कहा कि हिमाचल में फूड पार्क की एक बड़ी चेन विकसित हो सकती है वहीं फॉर्मिंग में यहां के लोग बेहतर कर रहे हैं। इसी तरह से हिमाचल एरिया का सबसे बड़ा फॉर्मा हब भी है जिसने कोविडकाल में देश ही नहीं बल्कि विदेशों की भी मदद की। यहां बनने वाली दवाओं से लोगों का जीवन बचता है। यहां पर आयूष उद्योग भी विकसित हो रहे हैं। मोदी ने हिमाचल प्रदेश में टूरिज्म की अपार संभावनाएं जताईं साथ ही यहां आने वाले पर्यटकों से आह्वान किया कि वे हिमाचल आएं मगर इसे प्रदूषित न करें। खासकर प्लास्टिक कचरे से हिमाचल की आबोहवा को बचाए रखें। प्रधानमंत्री ने हिमाचल प्रदेश को एक और लक्ष्य तय किया है।
उन्होंने कहा कि वैक्सीनेशन के पहले व दूसरे डोज में प्रदेश अव्वल रहा है और अब तीन जनवरी से बच्चों के लिए भी वैक्सीन का अभियान शुरू हो रहा है। इस अभियान में भी हिमाचल पहले स्थान पर रहेगा इसकी पूरी उम्मीद है। उन्होंने कहा कि बेटियों को भी अब शादी के लिए उम्र 21 साल कर दी गई है। उनके इस कहने पर पंडाल में बैठी नारी शक्ति ने खूब वाहवाही की और उनकी शान में नारे लगाए।
मोदी ने कहा कि सावड़ा कुड्डु का पिआनो शेप का एशिया का पहला डैम है। इसके अलावा उन्होंने रेणूका जी बांध परियोजना को देश की विकास धारा से जोड़ा। पीएम का कहना था कि श्री रेणुका जी हमारी आस्था का केंद्र है। भगवान परशुराम और उनकी माता रेणुका जी के स्नेह का प्रतीक रेणुका जी की भूमि से देश की विकास धारा निकली है।
डबल इंजन की सरकार के 4 साल पूरे होने पर दी बधाई
पीएम ने कहा कि आज डबल इंजन की सरकार के भी 4 साल पूरे हुए हैं। सेवा और सिद्धि के इन 4 सालों के लिए हिमाचल की जनता को उन्हें बधाई देते कहा कि इतनी बड़ी तादाद में और ऐसी कड़ाके की ठंड में लोगों का यहां इतनी बड़ी तादाद में आने से साफ है कि 4 साल में हिमाचल को तेज गति से आगे बढ़ते हुए देखा है। उन्होंने कहा कि जयराम ठाकुर और उनकी परिश्रमी टीम ने हिमाचलवासियों के सपनों को पूरा करने के लिए कोई कोर.कसर नहीं छोड़ी है। इन 4 वर्षों में 2 साल हमने मजबूती से कोरोना से भी लड़ाई लड़ी है और विकास के कार्यों को भी रुकने नहीं दिया।
देश के किसान हिमाचल से सीखें प्राकृतिक खेती का मॉडल
मंडी रैली को संबोधित करते हुए पीएम नेे कहा कि हिमाचल प्रदेश फूड, फॉर्मिंग और फॉर्मा का हब है। उन्होंने हिमाचल में हो रही प्राकृतिक खेती की खूब सराहना की और देश के किसानों से हिमाचल की तरफ प्राकृतिक खेती को तवज्जो देने का आह्वान किया। अपने संबोधन में पीएम ने कहा कि कैमिकल मुक्त खेती की दिशा में जिस तरह से हिमाचल प्रदेश आगे बढ़ रहा है उस तरह पूरे देश के किसानों को इससे मुक्ति लेनी चाहिए। खुशी की बात है कि हिमाचल में डेढ़ लाख से ज्यादा किसान ऐसी खेती कर रहे हैं। हिमाचल के किसानों की तारीफ करते हुए उन्होंने कहा कि उनके द्वारा अपनाए गए रास्ते से देश आगे बढऩा चाहिए।