चंद्र ठाकुर। नाहन
प्रदेश में लगातार बढ़ रही तेल, रसोई गैस की कीमतों, भ्रष्टाचार, सरकारी संस्थाओं के निजीकरण सहित अन्य जनविरोधी नीतियों के विरोध में नाहन कांग्रेस मंडल ने जोरदार प्रदर्शन किया।
कांग्रेस पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने मंडल अध्यक्ष ज्ञान चंद चौधरी के नेतृत्व में एक आक्रोश रैली भी निकाली और एसडीएम के माध्यम से राष्ट्रपति को ज्ञापन भेजा। इस दौरान कांग्रेस ने प्रधानमंत्री का पुतला भी फूंका।
इस रैली में प्रदेश कांग्रेस कमेटी महासचिव अजय सोलंकी, जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष अजय बहादुर सिंह सहित अन्य पार्टी के प्रदेश, जिला और मंडल स्तर के पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
कांग्रेस कार्यकर्ता पहले कांग्रेस भवन नाहन में एकत्रित हुए। इसके बाद एक रैली के स्वरूप में दिल्ली गेट होते हुए बड़ा चौक, गुन्नूघाट, नया बाजार से एसडीएम कार्यालय पहुंचे। इस दौरान कांग्रेस ने केंद्र और प्रदेश सरकार के खिलाफ बढ़ती मंहगाई, भ्रष्टाचार, किसान विरोधरी कानून को लेकर जमकर नारेबाजी की। एसडीएम ऑफिस पहुंच कर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने देश के राष्ट्रपति को एक ज्ञापन भेजकर उचित कार्रवाई की मांग की।
नाहन कांग्रेस मंडल अध्यक्ष ज्ञान चंद ने कहा कि वर्तमान में केंद्र और प्रदेश सरकार की जनविरोधी नीतियों से आम आदमी बुरी तरह प्रभावित है। आज पेट्रोल 100 रुपये पहुंच गया है। इससे महंगाई में लगातार बढ़ोतरी हो रही है, जबकि केंद्र और प्रदेश सरकार इस पर अंकुश लगाने में नाकाम रही है।