धर्मशाला (भाषा) : हिमाचल प्रदेश विधानसभा के शीतकालीन सत्र के दूसरे दिन मंगलवार को प्रश्नकाल के दौरान कांग्रेस विधायकों ने प्याज की मालाएं पहनकर इसकी बढ़ती कीमतों पर विरोध जताया।
विपक्ष के नेता मुकेश अग्निहोत्री के नेतृत्व में कांग्रेस विधायक प्याज की मालाएं पहनकर अध्यक्ष के आसन के निकट आ गए। वे बैनर लिए हुए थे और उन्होंने प्याज की बढ़ती कीमतों के विरोध में नारे लगाए। इसके कुछ मिनट बाद उन्होंने सदन से बहिर्गमन किया। कांग्रेस नेताओं ने प्याज की बढ़ती कीमतों के मुद्दे को लेकर भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए भाजपा का देखो खेल, महंगा प्याज, महंगा तेल , ए महंगाई कहां से आई, भाजपा लाई-भाजपा लाई जैसे नारे लगाए।
विधानसभा अध्यक्ष राजीव बिंदल ने कांग्रेस विधायकों को विधानसभा में बैनर नहीं लाने और मालाएं नहीं पहनने की चेतावनी दी। हालांकि, कांग्रेस विधायक नारे लगाते रहे और प्रश्नकाल की कार्यवाही चलती रही। इसके कुछ मिनट बाद सुबह 11 बजकर 35 मिनट पर कांग्रेस विधायकों ने सदन से बहिर्गमन किया।