पुनीत वर्मा(सोलन )
सोलन जिला में कांग्रेस ने शुक्रवार को पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय वीरभद्र सिंह को श्रद्धांजलि दी। जिला के सभी विस क्षेत्र में सुबह 11 बजे कांग्रेसी एकत्र हुए और श्रद्धा सुमन अर्पित किए। सोलन विस क्षेत्र में विधायक डॉ कर्नल धनीराम शांडिल ने कहा की स्वर्गीय वीरभद्र सिंह जैसा नेता प्रदेश को कभी न मिला है और न ही मिल सकता है।
उन्होंने कहा कि हमें वीरभद्र सिंह के सिखाए मार्ग पर चलकर देश को आगे बढ़ाना चाहिए। उन्होंने कहा की विकास के मसीहा वीरभद्र सिंह सफल व्यक्तित्व व महान शासक के रूप में जाने जाते थे। उन्होंने हर क्षेत्र में समान विकास कर प्रदेश को अग्रणी राज्य की पंक्ति में खड़ा किया। जिला अध्यक्ष शिव कुमार ने कहा कि स्वर्गीय वीरभद्र सिंह की पहली पुण्यतिथि पर श्रद्धा सुमन अर्पित किए। प्रदेश में वीरभद्र के किए कार्य इतिहास के पन्नो में दर्ज है। हमें उनके दिखाए मार्ग पर चलना चाहिए। जिलाध्यक्ष ने कहा की पुण्यतिथि के अवसर पर सभी कांग्रेस साथियों ने संकल्प लिया की पार्टी की मजबूती के लिए संगठित होकर प्रदेश में दोबारा कांग्रेस की सरकार बनाएंगे।
पुण्यतिथि के अवसर पर किसी बात को लेकर एक कांग्रेस कार्यकर्ता विधायक से उलझ गया। कार्यकर्ता ने विधायक से तीखे स्वर में पूछा कि जब वे ब्रुरी आते है तो कार्यक्रम की जानकारी उनको क्यों नहीं दी जाती। इस कारण थोड़ी देर के लिए माहौल गर्मा गया। हालांकि जिलाध्यक्ष ने बीच में आकर माहौल शांत किया। इस अवसर पर मेयर पूनम ग्रोवर, डिप्टी मेयर राजीव कौड़ा, ब्लॉक अध्यक्ष संजीव ठाकुर, अरुण शर्मा, रमेश ठाकुर, अमित ठाकुर, अमन सेठी, संजय शर्मा सहित अन्य कई कांग्रेसी मौजूद रहे।
उधर, अर्की ब्लॉक में भी वीरभद्र सिंह की प्रथम पुण्यतिथि को संकल्प दिवस के रूप में मनाया गया। सभी कांग्रेस जनों ने वीरभद्र सिंह को याद करते हुए उनके द्वारा करवाए गए विकास कार्यों का व्याख्यान किया और अपने जीवन से जुड़ी वीरभद्र सिंह की यादों को ताजा किया। अध्यक्ष सेवा दल अर्की जेपी ठाकुर ने कहा कि वीरभद्र सिंह हम सभी के दिलों में जिंदा है और उनकी याद उनके किए विकास कार्यों द्वारा ताजा होती रहेगी। ऐसा नेता हमारे अर्की का विधायक था यही हमारा सौभाग्य रहा। नालागढ़, दून व कसौली विस क्षेत्र में भी वीरभद्र को याद किया।