प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन में पार्टी नेताओं व कार्यकर्ताओं ने शुक्रवार को देश की पूर्व प्रधानमंत्री स्व. इंदिरा गांधी को उनकी पुण्यतिथि पर याद करते हुए उन्हें अपने-अपने श्रद्धा सुमन अर्पित किए। इस दौरान लौह पुरुष के नाम से विख्यात सरदार वल्लभ भाई पटेल को उनको जयंती पर भी पार्टी नेताओं ने उन्हें याद किया।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष पूर्व सांसद प्रतिभा सिंह ने इंदिरा गांधी को पुष्प अर्पित करने के बाद कहा कि प्रधानमंत्री के तौर पर इंदिरा गांधी का देश के विकास और आधुनिक भारत के निर्माण में बहुत बड़ा योगदान है। उन्होंने कहा कि हिमाचल तो हमेशा उनका ऋणी रहेगा क्योंकि उन्होंने ही हिमाचल प्रदेश को पूर्ण राज्य का दर्जा दिया साथ ही जनजातीय क्षेत्र लाहुल स्पीति के लिए मनाली से रोहतांग टनल के निर्माण का मार्ग प्रशस्त कर प्रदेश की मांग को पूरा किया था।
उन्होंने कहा कि इंदिरा गांधी ने देश की एकता और अंखडता के लिये अपने प्राण निछावर किये, आज उनकी इस पुण्यतिथि पर प्रदेश की ओर से कांग्रेस उन्हें याद करते हुए भावभीनी श्रद्धांजली देती हैं।
प्रतिभा सिंह ने लौहपुरुष वल्लभ भाई पटेल को भी उनकी जयंती पर याद किया। सरदार वल्लभ भाई पटेल भारतीय स्वतंत्रता आंदोलन के एक प्रमुख नेता, भारत के पहले उप प्रधानमंत्री और गृह मंत्री थे। सरदार वल्लभ भाई पटेल भारतीय स्वतंत्रता आंदोलन के एक प्रमुख नेता थे जिन्हें राष्ट्रीय एकता के प्रति उनकी अटूट प्रतिबद्धता और सशक्त नेतृत्व के लिए जाना जाता था।
इस अवसर पर हिमफेड के उपाध्यक्ष महेश्वर सिंह पांडु, शिमला नगर निगम के महापौर सुरेंद्र चौहान, उप महापौर उमा कौशल, सेवादल प्रमुख अनुराग शर्मा, महिला कांग्रेस अध्यक्ष जैनब चंदेल, पूर्व विधायक आदर्श सूद, शिमला नगर निगम के पार्षद, व्यापार मंडल के अध्यक्ष हरजीत कुमार मंगा, विनीत गौतम, आनंद कौशल सहित महिला कांग्रेस, युवा कांग्रेस, सेवादल, एनएसयूआई व पार्टी के विभिन्न पूर्व पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद थे।