हिमाचल दस्तक ब्यूरो। शिमला : सीएए पर कांग्रेस समेत अन्य विपक्षी दलों का असली चेहरा देश की जनता के सामने बेनकाब हो गया है। यह कहना है वन, परिवहन, युवा सेवाएं एवं खेल मंत्री गोबिंद सिंह ठाकुर का। उन्होंने नागरिकता अधिनियम (संशोधन) पर कांग्रेस एवं अन्य राजनितिक दलों द्वारा किए जा रहे विरोध को गलत बताया है।
वन मंत्री ने कहा कि धार्मिक प्रताडऩा के शिकार विदेशों में रह रहे हिंदू अल्पसंख्यकों को भारत में नागरिकता प्रदान करने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी राहत प्रदान की है जिसकी प्रशंसा देशभर के आम नागरिक कर रहे हैं लेकिन संकीर्ण वोट बैंक की राजनीति करने में माहिर कांग्रेस ने संसद द्वारा पारित इस अधिनियम के खिलाफ देश में दुष्प्रचार कर नैतिकता की सारी सीमाओं का अतिक्रमण कर न केवल देश की संपति को दंगाइयों को प्रोत्साहित कर नुकसान पहुंचाया है अपितु देश के राष्ट्रिय चरित्र को भी अपूर्ण क्षति पहुंचाई है।
ठाकुर ने कहा कि कांग्रेस जो अपने आप को एक क्लासिक पार्टी समझती है वह अधिनियम को बिना पढ़े ही विरोध कर रही है। वन मंत्री ने कांग्रेस पार्टी के राष्ट्रिय प्रवक्ता पवन खेड़ा के उस बयान पर सख्त नाराजगी व्यक्त की है जिसमें उन्होंने कहा था कि देश प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की सनक से नहीं, संविधान से चलेगा।
इस पर गोबिंद सिंह ठाकुर ने कहा कि देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को देश की जनता ने अपार बहुमत से चुना है तथा सरकार जनता द्वारा दिए हुए जनादेश के अनुरूप कार्य कर रही है, जबकि कांग्रेस को अपना इतिहास याद करना चाहिए कि किस प्रकार पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकारों ने संविधान की धज्जियां उड़ाते हुए देशवासियों के मौलिक अधिकारों का हनन किया था।
गोबिंद सिंह ठाकुर ने कहा कि मोदी सरकार के कार्यों की आज दुनिया भर में प्रशंसा हो रही है जिसका उदाहरण पिछले दुनिया भर से नागरिकता अधिनियम (संशोधन) को ट्विटर पर मिलने वाला समर्थन है। गोविंद सिंह ठाकुर ने कहा कि कांग्रेस द्वारा फैलाए जा रहे दुष्प्रचार के खिलाफ भारतीय जनता पार्टी देश भर में जनजागरण अभियान चला रही है जिससे लोगों को कानून की सही जानकारी प्रदान की जा रही है।