जबलपुर (मध्यप्रदेश) : मध्य प्रदेश पुलिस ने सोशल मीडिया पर पुलिस व्यवस्था में सुधार लाए जाने सहित पुलिसकर्मियों की विभिन्न मांगों को कथित तौर पर पोस्ट करने वाले अपने एक कांस्टेबल को निलंबित कर दिया है।
जबलपुर जिले के पुलिस अधीक्षक अमित सिंह ने मंगलवार को बताया, कांस्टेबल शुभम बाजपाई अपने मोबाइल नम्बर से सोशल मीडिया पर ग्रुप बनाकर पुलिस व्यवस्था में सुधार लाए जाने सहित पुलिसकर्मियों की विभिन्न मांगों को पोस्ट कर रहा है। उन्होंने कहा कि इस कान्स्टेबल का यह कृत्य पुलिस आचरण के विपरीत है और उसके द्वारा की गई अनुशासनहीनता से पुलिस विभाग एवं शासन की छवि भी धूमिल हो रही है, जिसके चलते उसे सोमवार को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।
निलंबन के दौरान यहां उसे पुलिस लाइन में अटैच किया गया है। सिंह ने बताया कि शुभम जबलपुर जिले की नुनसर पुलिस चौकी में पदस्थ था। वह फेसबुक, व्हाट्सऐप एवं ट्विटर पर पुलिस व्यवस्था में सुधार लाए जाने सहित पुलिसकर्मियों की विभिन्न मांगों को पोस्ट कर रहा था।