वरिष्ठ संवाददाता, शिमला
प्रदेश में कोरोना के संक्रमण दर में तेजी से गिरावट हुई है। अब राज्य का पॉजिटिविटी रेट 1.73 प्रतिशत रह गया है। जोकि खतरे के निशान से बहुत कम है। अस्पतालों में भी एक्टिव मरीज कम हो गए हैं, केवल 19 ही मरीज भर्ती है। बुधवार को संक्रमण की जांच के लिए 3343 लोगों के सैंपल लिए गए। इनमें से केवल 58 ही लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है।
जबकि 96 लोग संक्रमण से ठीक भी हुए हैं। एक्टिव मरीज राज्य में 483 रह गए हैं। पॉजिटिविटी रेट कम होने से राज्य का रिकवरी रेट भी बढ़ा है। 98.50 फीसदी से ज्यादा हिमाचल का रिकवरी रेट है। जिससे यह साफ है कि राज्य में लोग अब तेजी से ठीक भी हो रहे हैं। संक्रमण की चौथी लहर में एक्टिव मरीज 4 हजार के करीब पहुंच गए थे।
पिछले कुछ दिनों में तो मौतें भी होना शुरू हो गई थी, लेकिन वैक्सीन की तीसरी डोज ने लोगों को बीमार होने से बचा लिया। सरकार की तीसरी डोज निशुल्क करने के बाद ज्यादा संख्या में लोग वैक्सीन लगाने के लिए पहुंचे और संक्रमण के मामलों में तेजी से गिरावट आई।