चंद्र ठाकुर। नाहन
सिरमौर जिले में वीरवार सायं सात मामले एक साथ कोरोना पॉजीटिव के आए हैं। इनमें से छह लोग संस्थागत क्वारंटीन सेंटर कालाअंब में थे, जबकि एक प्रसूता महिला डॉ. वाईएस परमार मेडिकल कॉलेज नाहन में दाखिल थी। सभी की रिपोर्ट पॉजीटिव आने के बाद जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग ने आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है। कोरोना पॉजीटिव को कोविड हेल्थ सेंटर कालाअंब में शिफ्ट किया गया है।
पॉजीटिव पाए गए लोग नाहन के कच्चा टैंक और कौलांवालाभूड़ के रहने वाले हैं, जो कि यूपी और दिल्ली से आए हैं। वर्तमान में सिरमौर जिले में कोरोना संक्रमितों की संख्या 11 हो गई है। इनमें से आठ एक्टिव केस हैं, जबकि तीन लोग ठीक हो चुके हैं।
डीसी सिरमौर डॉ. आरके परुथी ने बताया कि संस्थागत क्वारंटीन सेंटर कालाअंब के छह लोगों के सैंपल की रिपोर्ट पॉजीटिव आई है, जिन्हें कोविड हेल्थ केयर सेंटर त्रिलोकपुर शिफ्ट किया गया है। उन्होंने बताया कि इसके अलावा एक प्रसूता महिला की रिपोर्ट भी पॉजीटिव आई है जिसकी डॉ. वाईएस परमार मेडिकल कॉलेज में डिलीवरी हुई थी। उन्होंने बताया कि महिला के कांटेक्ट में आए लोगों, डॉॅक्टर, पैरामेडिकल स्टाफ का पता लगाया जा रहा है।





