साहिल डढवाल। नूरपुर
नूरपुर पुलिस थाना के तहत आते औंद क्षेत्र में दो गुटों में मारपीट का मामला सामने आया है। पुलिस थाना नूरपुर में दोनों ओर से क्रॉस एफआईआर दर्ज करवाई गई है और पुलिस मामले की जांच कर रही है।
जानकारी के अनुसार राहुल कुमार निवासी औंद ने आरोप लगाया है कि शुक्रवार देर रात मोटरसाइकिल पर सवार होकर आए युवकों ने उनके घर में घुस कर पहले उनके पिता के साथ मारपीट की, उसके बाद जब ये अपने पिता को इलाज के लिए अस्पताल ले जाने लगे तो रास्ते मे इन्हें रोककर फिर दोबारा इनसे मारपीट की गई। इस मारपीट में राहुल कुमार सहित उनके पिता प्रीतम संधू और सुलयाली निवासी एक व्यक्ति को चोटें आई हैं।
वहीं दूसरे गुट के हंसराज निवासी औंद ने आरोप लगाए हैं कि राहुल कुमार और उनके पिता ने उनके साथ उनके घर में आकर मारपीट की है जिसकी वजह से उन्हें भी चोटें आई हैं। फ़िलवक्त दोनों ओर से मामला दर्ज करवाया गया है जिसकी जांच पुलिस कर रही है। डीएसपी नूरपुर आईपीएस अशोक रत्न ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस इस मामले की जांच कर रही है और जो भी इस मामले में दोषी पाया गया, उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।








