कौशांबी : उत्तर प्रदेश के कौशाम्बी जिले के मंझनपुर क्षेत्र स्थित एक घर में संदिग्ध हालत में पति-पत्नी के शव बरामद किए गए। पुलिस सूत्रों ने सोमवार को बताया कि मंझनपुर थाना क्षेत्र के र्कोों गांव निवासी आशीष सेन (26) और उसकी पत्नी सुनीता देवी (24) के शव रविवार शाम संदिग्ध परिस्थितियों में उनके कमरे से बरामद किए गए।
आशीष के भाई शंकर ने बताया कि रविवार शाम उसकी मां सावित्री देवी जब खाना देने के लिए कमरे में गई तो देखा कि सुनीता का शव चारपाई पर पड़ा था जबकि आशीष फांसी के फंदे पर लटक रहा था। पुलिस क्षेत्राधिकारी एस. एन. पाठक के मुताबिक परिजन ने बताया कि आशीष नशे का इंजेक्शन लेने का आदी था। शायद इसी बात को लेकर उसका पत्नी से विवाद हुआ होगा। संभवत: आशीष ने पहले पत्नी की हत्या की फिर खुद फांसी पर लटक गया।
आशीष और सुनीता की शादी चार साल पहले हुई थी। सुनीता आशीष की दूसरी पत्नी थी। पाठक ने बताया कि सुनीता के शव पर चोट का कोई निशान नहीं पाया गया है और दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस मामले की बारीकी से जांच कर रही है।