कुल्लू। कुल्लू जिला में बारिश का कहर लगातार जारी है। बारिश के कारण हुए भूस्खलन के कारण दो युवक मलबे में दब चुके हैं। घटना मंगलवार बीती रात की है जब कुल्लू शहर में स्थित इनर आखाड़ा बाजार में मठ की पहाड़ी से अचानक बड़े बड़े पत्थर ओर मलबा रिहायशी मकानों पर आ गिरा। पहाड़ी के टूटने से इतना जोरदार धमाका हुआ कि पूरा बाजार ही हिल गया। हर तरफ अफरा तफरी मच गई। पहाड़ी की तरफ से आया भारी भरकम मलबा जब तक कि रिहायशी मकानों तक पहुंचता लोग अपने घरों से बाहर निकल कर सड़क मार्ग पर आ गए लेकिन जब बाद में पूछताछ शुरू हुई तो पता चला कि एक एनडीआरएफ का एक जवान और एक युवक बाहर नहीं आए हैं।
भारी भरकम मलबे से नीलकंठ सूद, सीता देवी और बुबा भारती के मकान क्षतिग्रस्त हो गए। सूचना मिलते ही उपायुक्त कुल्लू, एसपी सहित पूरा प्रशासन मौका पर पहुंच गया। वहीं रेस्क्यू अभियान के लिए तीन टीमें गठित की गई जिसमें एनडीआरएफ, होमगार्ड व दमकल कर्मी शामिल हैं। राहत एवं बचाव कार्यों को तेजी से शुरू किया गया लेकिन बारिश के कारण रेस्क्यू अभियान को बंद करना पड़ा। लापता हुए युवकों की पहचान नरेंद्र (32) एनडीआरएफ निवासी व्यासर जिला कुल्लू व अहमीर (21) निवासी कश्मीर के रूप में हुई है।
देर रात पहाड़ी से हुआ लैंडस्लाइड
बताया जा रहा है कि देर रात अचानक मठ की पहाड़ी से भारी लैंडस्लाइड हुआ। जिसके चलते एक मकान का कमरा पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया। जबकि साथ लगते एक और मकान को काफी नुकसान हुआ है। उसी मकान में दो लोग अभी भी दबे हुए हैं। देर रात के समय ही प्रशासन को सूचित किया गया और प्रशासन भी रेस्क्यू कार्य में जुट गया है, लेकिन मकान के अंदर दबे हुए दो लोगों का फिलहाल कोई पता नहीं चल पाया है।
डीसी कुल्लू तोरुल एस रवीश ने बताया कि अखाड़ा बाजार में लैंडस्लाइड में दो घर चपेट में आ गए। अभी कुछ लोगों के मलबे में दबे होने की आशंका है। पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर मौजूद है। रेस्क्यू ऑपरेशन लगातार जारी है। बुधवार को भी घाटी में मौसम खराब रहने की चेतावनी जारी की गई है। ऐसे में लोग सुरक्षित स्थानों पर ही रहें।