बैंकाक (भाषा): दीपिका कुमारी और अंकिता भगत के यहां 21वीं एशियाई तीरंदाजी चैम्पियनशिप की महिला रिकर्व स्पर्धा के सेमीफाइनल में पहुंचने से भारत ने गुरूवार को तीरंदाजी में 2020 तोक्यो खेलों का व्यक्तिगत ओलंपिक कोटा हासिल कर लिया। इस महाद्वीपीय क्वालीफिकेशन से तीन व्यक्तिगत स्थान हासिल किए जा सकते थे और भारतीय तीरंदाजों ने शानदार प्रदर्शन किया जिसमें शीर्ष वरीय दीपिका और छठी वरीय अंकिता ने अंतिम चार में पहुंचकर व्यक्तिगत ओलंपिक स्थान पक्का किया।
भूटान के कर्मा और वियतनाम के एनगुएट डो थि एन्ह ने बाकी दो व्यक्तिगत कोटे स्थान हासिल किए। दीपिका ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए मलेशिया की नूर अफीसा अब्दुल को 7-2, ईरान की जहरा नेमाती को 6-4 और स्थानीय तीरंदाज नरीसारा खुनहिरानचाइयो को 6-2 से मात देकर सेमीफाइनल में प्रवेश किया जहां उसका सामना एनगुएट से होगा। दीपिका ने कहा, हम अपना सर्वश्रेष्ठ करना चाहते थे। लेकिन हम शुरू में थोड़े नर्वस थे। तेज हवा भी चल रही थी। उन्होंने कहा, हम एक और कोटा हासिल करने के लिए बेताब थे। हम पुरानी सब बातों को भूल गए। पूरी टीम बहुत खुश है, कम से कम हमने एक कोटा तो हासिल किया।
यह टूर्नामेंट हमारे लिए काफी अच्छा रहा। दीपिका ने कहा, अब हम अगले साल विश्व कप के बर्लिन चरण से टीम कोटा हासिल करने की उम्मीद कर रहे हैं। तीरंदाजी में ओलंपिक के लिए क्वालीफाई करने का अंतिम मौका 2020 विश्व कप के बर्लिन चरण है। अंकिता ने हांगकांग की लाम शुक चिंग एडा को 7-।, वियतनाम की एनगुएन थि फुयोंग को 6-0 और कजाखस्तान की अनास्तासिया बानोवा को 6-4 से मात दी। अंकिता अंतिम चार में कर्मा के सामने होंगी।
भारतीय तीरंदाजी संघ पर प्रतिबंध के कारण दीपिका, अंकिता और लैशराम बोम्बायला देवी की भारतीय तिकड़ी तटस्थ (विश्व तीरंदाजी संघ) ध्वज के अंतर्गत प्रतियोगिता में हिस्सा ले रही हैं। तीरंदाजी में भारत का यह दूसरा ओलंपिक कोटा है, इससे पहले तरूणदीप राय, अतनु दास और प्रवीण जाधव की पुरूष रिकर्व टीम ने साल के शुरू में विश्व चैम्पियनशिप में कोटा हासिल किया था।