रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने आत्मनिर्भर भारत के तहत बड़े ऐलान किए हैं। राजनाथ सिंह ने कहा है कि रक्षा मंत्रालय अब आत्मनिर्भर भारत के तहत आगे बढ़ने को तैयार है। इसी दिशा में भारत 101 सामानों के आयात पर रोक लगाएगा। जिससे भारतीय रक्षा उद्योग को बड़े अवसर मिलेंगे। इसके बाद अब भारत राडार, एयरक्राफ्ट, राइफल, आर्टिलरी गन देश में ही तैयार करेगा।
रक्षा मंत्री ने कहा कि, भारत इन रक्षा के उपकरणों के आयात पर रोक लगाने की योजना को 2020 से 2024 के बीच धीरे-धीरे चरणबद्ध तरीके से लागू करेगा। आयात पर प्रतिबंध के लिए और भी रक्षा उपकरणों को चरणबद्ध तरीके से चिह्नित किया जाएगा। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने ट्विटर पर बताया कि आयात पर प्रतिबंध के लिए चिह्नित सैन्य वस्तुओं के घरेलू स्तर पर उत्पादन की समयसीमा सुनिश्चित करने के लिए कदम उठाए जाएंगे। बता दें आयात प्रतिबंधों के लिए चिह्नित की गई 101 सामानों की लिस्ट में तोप, असॉल्ट राइफल, परिवहन विमान जैसे रक्षा उपकरण शामिल हैं।