जय प्रकाश। संगड़ाह
उपमंडल संगड़ाह के अंतर्गत आने वाले चाढ़ना में देवभूमि राजपूत संगठन की विशेष बैठक आयोजित की गई, जिसकी अध्यक्षता प्रदेश क्षत्रिय संगठन अध्यक्ष रुमित सिंह ठाकुर ने की।
इस बैठक में राजपूत समाज से जुड़े काफी लोगों ने भाग लिया। इसमें सभी क्षत्रिय संगठनों को एकजुट होकर काम करने पर चर्चा की गई। प्रदेश अध्यक्ष ने सदस्यों को संबोधित करते हुए कहा कि संगठन का मुख्य उद्देश्य राजपूत क्षत्रिय लोगों को एकजुट कर समाज को मजबूती प्रदान करना है।
उन्होंने कहा कि निश्चित तौर पर राजपूत समाज की युवा पीढ़ी में बदलाव की तस्वीर दिख रही है, मगर हमें इच्छा शक्ति से मानसिकता को बदलना है। उन्होंने सदस्यों से संगठन में जोश व जज्बा कम न होने का भी आह्वान किया है।
हमें संगठन की मज़बूती के लिए काम करना है। संगठन के सभी पदाधिकारियों व कार्यकर्ता समाज में पिछड़े लोगों को संगठन के साथ जोड़कर आत्म सम्मान के लिए एकजुट रहना होगा।
उन्होंने कहा कि प्रदेश के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने 3 महीने के भीतर हिमाचल प्रदेश के सवर्ण समाज की बेहतरी के लिए सवर्ण आयोग गठन का बहुत बड़ा तोहफा देने की भी बात कही थी।
क्षत्रिय संगठन द्वारा शुरू की गई इस मुहिम को मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने प्राथमिकता के तौर पर तवज्जो दी, जिसमें अन्य वर्गों की तर्ज पर सवर्ण समाज के अधिकारों को भी सुरक्षित रखा जाएगा।
मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने हिमाचल प्रदेश के सवर्ण समाज की भावनाओं को समझते हुए उनके अधिकारों को सुरक्षित रखने के लिए सवर्ण आयोग के गठन की बात कही, मगर अभी तक यह सिरे नही चढ़ा है।
इस बारे शीघ्र ही संगठन मुख्यमंत्री से मिलेगा। इस अवसर पर प्रदेश सचिव नरेंद्र छिन्टा, राजीव ठाकुर, रविन्द्र सिंह नेगी, सतीश कमल, विजय आदि दर्जनों पदाधिकारियों व लोगों ने भाग लिया।