शिमला: हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले के भरमौर में होने वाली मणिमहेश यात्रा पर गए 700 श्रद्धालु अभी भी फंसे हुए हैं। इन श्रद्धालुओं को निकालने के लिए मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह से हेलीकॉप्टर देने की मांग की है। ताकि श्रद्धालुओं को जल्द से जल्द वहां से निकाला जा सके।
बुधवार को सचिवालय में सीएम सुखविंदर सिंह सुक्खू आपदा से हुए नुकसान की समीक्षा बैठक की। इस दौरान मुख्यमंत्री ने सभी जिलों के डीसी-एसपी ऑनलाइन बैठक कर फीडबैक लिया। खास कर चंबा जिला में श्रद्धालुओं को निकालने के लिए जरूरी दिशा निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह ने कहा कि हिमाचल प्रदेश में आई आपदा के दौरान काफी ज्यादा नुकसान हुआ है। इसको लेकर आज समीक्षा बैठक बुलाई गई। चंबा जिले में मणिमहेश यात्रा पर गए 700 श्रद्धालु फंसे हुए हैं, जिन्हें प्राथमिकता के आधार पर निकालने के निर्देश दिए गए हैं। आज भी हेलीकॉप्टर के माध्यम से 70 यात्रियों को निकाला गया है। साथ ही 4 शवों को एयरफोर्स के विमान से पठानकोट भेजा गया है।
सीएम सुक्खू ने कहा कि भरमौर से ऊपर फंसे श्रद्धालुओं को निकालने के लिए डिफेंस मिनिस्टर से बात करेंगे और एयरफोर्स के 6 हेलीकॉप्टर देने का आग्रह किया जाएगा। ताकि जल्द से जल्द इन श्रद्धालुओं को वहां से निकाला जा सके।