धर्मपुर। पंचायत चुनावों के लिए तैनात कर्मचारियों को खाना बनाने के दौरान धर्मपुर खंड के हाई स्कूल बनेहरड़ी में कार्यरत मिड-डे मील वर्कर रजनी देवी कुक्कर फ टने से झुलस गई, जिसका ईलाज मेडिकल कॉलेज नेरचौक में चल रहा है।
इस बारे मिड-डे मील वर्कर्ज यूनियन संबंधित सीटू की वर्तमान खंड प्रधान राणों देवी, पूर्व प्रधान चिंत राम, सचिव सत्या देवी एवं सीटू के जिला अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह ने मांग की है कि चुनाव आयोग और शिक्षा विभाग घायल वर्कर का ईलाज करवाए और जब तक तक ये स्वस्थ नहीं हो जाती है तब तक उसे मेडिकल अवकाश प्रदान किया जाए।

भूपेंद्र सिंह ने बताया कि यूनियन ने इस बारे पहले से ही पोलिंग पार्टियों के लिए खाना बनाने के आदेश का विरोध किया था जिसके बाद कुछ जिला के डिप्टी डायरेक्टरों ने इसे लागू नहीं किया है, लेकिन मंडी जिला में मिड -डे मील वर्कर ही खाना बना रहे हैं। इसी दौरान दूसरे चरण में यह दुर्घटना घट गई है और महिला वर्कर घायल हो गई। हालांकि एसडीएम धर्मपुर ने उन्हें पांच हजार रुपये की राहत जारी कर दी है लेकिन वो नाकाफी है और उन्हें ठीक होने में वक्त लगेगा इसलिए प्रशासन उनके ईलाज का पूरा खर्च वहन करे और इस तरह की घटनाएं होने पर मुआवजा देने के लिए नीति बनाए।
उन्होंने कहा कि स्कूलों में खाना बनाती बार सुरक्षा वस्त्र औऱ उपकरण उपलब्ध कराने चाहिए और यदि किसी प्रकार के जान माल क्षति होती है तो उसकी भरपाई करने की भी नीति बननी चाहिए। इसके अलावा जब तक ये वर्कर स्वस्थ नहीं होती है तब तक उन्हें वेतन सहित अवकाश दिया जाए। भूपेंद्र सिंह ने मांग की है कि सरकार वर्करों से बहुत से ऐसे काम करवाते हैं जो उनकी कार्यसूची में नहीं आते हैं जिसका यूनियन विरोध करती है।








