सुनील समियाल : धर्मशाला
जिला भर के डाकघरों में बचत खाते खोलने की अनूठी प्रतियोगिता शुरू होने जा रही है। इसके तहत मुख्य डाकघर समेत सभी शाखाओं को टार्गेट दिए जाएंगे। अव्वल डाकघरों को सम्मानित किया जाएगा। अधीक्षक डाक सुरेंद्र पाल शर्मा ने खबर की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि यह प्रतियोगिता 20 जून से 30 जुलाई तक हो रही है। इसके तहत सभी डाकघरों को बचत खाते खोलने का लक्ष्य दिया जाएगा। इसमें बचत खाते, अवर्ती जमा, सावधि जमा, एनएसी, केवीपी, सुकन्या समृद्धि खाते, पीपीएफ, एससीएसएस आदि खाते खोले जाएंगे। मुख्य डाकघर धर्मशाला को 1000 खाते खोलने का लक्ष्य दिया गया है।
इसी तरह एचएसजी उपडाकघर को 500 खातों का टारगेट मिला है। ट्रिपल हैंडेड उप डाकघर को 350 खाते खोलने होंगे। डबल हैंडेड उप डाकघर को 200 खातों को लक्ष्य मिला है। सिंगल हैंडेड उप डाकघर को 100 अकाउंट का टारगेट है। इसके अलावा शाखा डाकघर को 50 खाते खोलने होंगे। टारगेट हासिल करने वालों को अगले डाक मेले में अधीक्षक द्वारा सम्मानित किया जाएगा। गौर रहे कि जिला में दो मुख्य डाकघर हैं। उप डाकघर 61 हैं। शाखा डाकघरों की संख्या 305 है।
इस स्पर्धा में सभी को बढ़ चढ़कर हिस्सा लेना चाहिए। आमजन को डाक विभाग की कल्याणकारी योजनाओं को लाभ उठाना चाहिए
-सुरेंद्र पाल शर्मा, अधीक्षक, डाक विभाग।