धर्मशाला। एटीएस के विरोध में कर रहे प्रदर्शन व चक्का जाम के चलते कमर्शियल वाहन चालकों पर अब पुलिस थाना धर्मशाला में विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज करवाया गया है।
जानकारी के अनुसार एचआरटीसी चालक कमलेश के अनुसार वो जब सोमवार को धर्मशाला डिपो की बस लेकर धर्मशाला के पास कोतवाली बाजार के पास पहुंचे तो मुख्य सडक़ पर टैक्सी यूनियन जिला कांगड़ा के अलग-अलग इकाईयों से एकत्रित हुए टैक्सी यूनियनों के प्रधान व अन्य टैक्सी चालक मुख्य सडक़ पर बैठकर सभी गाडिय़ों को रोक रहे थे। इसके चलते उसकी बस व अन्य रूटों पर जाने वाली सरकारी गाडिय़ों को रोककर सरकारी ड्यूटी में बाधा उत्पन्न कर रूट को प्रभावित किया।

शिकायतकर्ता के अनुसार इस कारण आम जनता को परेशानी हुई। उसने बताया कि वाहनों को रोकने वालों में धौलाधार टैक्सी आपरेटर यूनियन के प्रधान कपिल देव, कचहरी टैक्सी यूनियन प्रधान नरेश कुमार, एक्स सर्विसमैन मैक्स टैक्सी यूनियन के प्रधान मेहर सिंह ठाकुर, मैक्लोडंगज टैक्सी यूनियन के प्रधान अशोक कुमार, मैक्लोडगज के पूर्व टैक्सी यूनियन प्रधान करतार, बीड़ टैक्सी यूनियन के प्रधान देशराज व अन्य एकत्रित हुए इकाईयों के टैक्सी यूनियन के लोग थे।
सभी टैक्सी यूनियनों के प्रधान व कार्यकर्ताओं के खिलाफ इस शिकायत के आधार पर पुलिस थाना धर्मशाला में भारतीय न्याय संहिता की धारा 189(2), 221,191(2), 190, 126(2) के तहत मामला दर्ज किया गया है। उधर एसपी कांगड़ा अशोक रत्न ने मामले की पुष्टि की है।







