धर्मशाला। जिला कांगड़ा पुलिस की विशेष टीम द्वारा गश्त के दौरान गुप्त सूचना के आधार पर गांव तरसूह में एक रिहायशी मकान की तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान शेरू राम, पुत्र स्वरूप कुमार, निवासी गांव तरसूह, डाकघर सकोट, तहसील व जिला कांगड़ा, हिमाचल प्रदेश, उम्र 42 वर्ष के कब्जे से 12.18 ग्राम चिट्टा (हेरोइन), 14 नशीले कैप्सूल तथा 42,150 रुपये की नकदी बरामद की गई।

जिस पर उपरोक्त आरोपी को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया है तथा इसके विरुद्ध पुलिस थाना कांगड़ा में मामला दर्ज किया गया है। जिला कांगड़ा पुलिस द्वारा नशे के खिलाफ निरंतर जारी विशेष अभियान में लगातार गश्त, नाकाबंदी, गुप्त सूचना एकत्रित करना जारी है। नशे और अन्य अवैध कारोबार में लिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।








