हिमाचल दस्तक। ऊना
बरसाती मौसम में वन विभाग द्वारा जिला ऊना में चलाए जाने वाले पौधरोपण अभियान का आगाज कुटलैहड़ विधानसभा क्षेत्र के गांव घरवासड़ा में आयोजित जिला स्तरीय वन महोत्सव का आयोजन कर किया गया।
इस दौरान कृषि मंत्री वीरेंद्र कंवर ने वन महोत्सव में बतौर मुख्यातिथि शिरकत कर पौधरोपण किया। वन विभाग द्वारा मॉनसून सीजन के दौरान जिला में विभिन्न प्रजातियों के 1,34,500 पौधे लगाने का लक्ष्य रखा है।
इससे पहले कृषि मंत्री ने थानाकलां में महिला विकास द्वारा शुरू किये गए अभियान एक बूटा बेटी के नाम के तहत आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को पौधे भी वितरित किए। इस दौरान कृषि मंत्री वीरेंद्र कंवर ने जनसमूह को संबोधित करते हुए आमजन से पर्यावरण का संरक्षण करने का आह्वान किया।
जिला स्तरीय वन महोत्सव का आगाज करते हुए कृषि मंत्री वीरेंद्र कंवर ने कहा कि जलवायु परिवर्तन आज पूरी दुनिया के सामने एक बहुत बड़ी चुनौती है, जिससे निपटने के लिए पौधरोपण बेहद आवश्यक है। मौसम का संतुलन बनाए रखने में पौधों की भूमिका अति महत्वपूर्ण है।
उन्होंने कहा कि केंद्र तथा प्रदेश सरकार पर्यावरण संरक्षण के लिए अनेकों प्रयास कर रही हैं। उन्होंने कहा कि पौधे लगाने में जन सहभागिता भी आवश्यक है तथा बिना लोगों के सहयोग के यह अभियान सफल नहीं हो सकता है। इसलिए सभी पौधे लगाएं और पर्यावरण को बचाएं।