हिमाचल दस्तक। जिला ऊना के अंब थाना के तहत बेहड़ जसवां की एक विवाहिता ने पति और ससुराल पक्ष पर मारपीट, दहेज की मांग, जान से मारने की कोशिश और मानसिक उत्पीड़न करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर पति व ससुराल पक्ष के 7 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
विवाहिता ने बताया कि शादी के कुछ वर्षों बाद पति का व्यवहार बदल गया और वह आए दिन छोटी-छोटी बातों पर मारपीट करने लगा। दहेज की मांग को लेकर भी उसे परेशान किया गया। पीडि़ता ने यह भी आरोप लगाया कि पति के अन्य महिलाओं से अवैध संबंध हैं और जब उसने सवाल किया तो उसके साथ बुरी तरह मारपीट की गई।
महिला ने बताया कि कुछ रोज पहले इंस्टाग्राम पर वायरल एक वीडियो के बाद जब उसने पति से पूछताछ की, तो उसने न सिर्फ अवैध संबंधों की बात मानी, बल्कि उसे धमकाया भी।
आरोप है कि पति ने पर गला दबाकर जान से मारने की कोशिश की, जिसमें सास-ससुर और अन्य रिश्तेदारों ने भी साथ दिया।
घटना के दौरान पीड़िता के माता-पिता और भाई मौके पर पहुंचे तो उनके साथ भी गाली-गलौज और जान से मारने की धमकियां दी गईं।
पीड़िता ने यह भी आरोप लगाया कि उसके पति ने फर्जी हस्ताक्षरों के माध्यम से बैंक सहित अन्य बैंकों से उसके नाम पर अवैध लोन ले रखा है। इस पर भी कोई कार्रवाई न होने पर उसने एसपी ऊना सहित उच्च अधिकारियों को शिकायत भेजी।
डीएसपी हरोली अनिल पटियाल ने बताया कि पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।