अनूप शर्मा। बिलासपुर
एक ओर जहां पर सरकार एवं विभिन्न सामाजिक संगठनों की ओर से दहेज प्रथा जैसी सामाजिक बुराइयों के प्रति लोगों को जागरूक किया जा रहा है, वहीं कानूनी रूप से कड़े प्रतिबंध भी लागू हैं। उसके बावजूद ससुराल पक्ष द्वारा दहेज की एवज में पैसे मांगने के मामले आज भी कम नहीं हो रहे हैं।
बिलासपुर शहर की एक पीड़ित महिला ने अपने पति व सास पर दहेज के लिए मानसिक रूप से प्रताड़ित करने व उस पर लाखों रुपये की मांग के लिए दबाव बनाने का आरोप लगाया है। साथ में पति पर 2 बार अबॉर्शन अर्थात गर्भपात करवाने का भी आरोप लगाया है। बहरहाल पुलिस ने पीड़िता की शिकायत के आधार पर विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी हैै।
बिलासपुर महिला पुलिस थाने में दर्ज शिकायत में पीड़ित महिला ने अपनी व्यथा बताते हुए कहा कि उसका विवाह वर्ष अप्रैल, 2019 में आदित्य चंदेल पुत्र करण चंदेल, निवासी दबसाई (हमीरपुर) के साथ हुआ था।
विवाह के तीसरे दिन ही उसकी सास ने उससे गहने व पैसों की मांग शुरू कर दी थी। उसके बाद उसके पति ने एक जून, 2019 को उससे जमीन खरीदने के लिए 30 लाख रुपये की मांग की व उसे प्रताड़ित किया। पीड़ित महिला ने बताया कि उसके मना करने पर उसके साथ मारपीट व प्रताड़ित करना शुरू कर दिया। दिसंबर, 2019 में पुणे में भी पति ने उसे बात-बात पर पीटना शुरू कर दिया।
यही क्रम मुंबई में भी जारी रहा। अगस्त, 2020 में घर आने पर भी उस पर मानसिक दबाव डालकर गर्भपात करवा दिया गया। पीड़ित महिला ने बताया कि उसकी सास ने फिर से गहनों व पैसों की मांग शुरू कर दी। उसके पति ने उससे दस लाख रुपये की मांग की थी। उन्होंने बताया कि अब उसने तंग आकर अपने ससुराल जाना ही बंद कर दिया है।
पीड़ित महिला ने पुलिस से उसे न्याय दिलाने की मांग की है। उधर, पुलिस ने पीड़ित महिला की शिकायत के आधार पर आईपीसी की धारा 498ए, 323, 506 व 34 के तहत मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।