हिमाचल दस्तक। मंडी
राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष डॉ. डेजी ठाकुर ने महिलाओं से अपने अधिकारों को लेकर सजग रहने का आग्रह किया है। उन्होंने कहा कि जरूरी है महिलाएं अन्याय के खिलाफ संघर्ष करें और अपने हक के लिए आवाज बुलंद करें। महिला आयोग इसमें उनकी हरसंभव सहायता करेगा।
वह जिला परिषद मंडी के सभागार में शुक्रवार को घरेलू हिंसा अधिनियम, 2005 पर आयोजित एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए बोल रही थीं। इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में मंडी जिला के संरक्षण व सुरक्षा अधिकारियों, निरीक्षकों तथा बाल विकास परियोजना विभाग के अधिकरियों ने भाग लिया।
डॉ. डेजी ठाकुर ने बताया कि राज्य महिला आयोग द्वारा महिलाओं की सहायता के लिए संरक्षण व सुरक्षा अधिकारी नियुक्त किए गए हैं, जो पीड़ित महिलाओं की शिकायतों का निराकरण करते हैं तथा गंभीर समस्याओं को उच्च स्तर तक पहुंचाने में उनकी सहायता करते हैं । नियुक्त अधिकारी महिलाओं को उनके अधिकारों की जानकारी भी समय-समय पर प्रदान करते हैं। उन्होंने बताया कि कोरोनाकाल में भी महिलाओं की सहायता के लिए एक व्हाट्सऐप नंबर जारी किया गया था, जो महिलाओं की शिकायतों के निवारण में बहुत कारगर रहा।
डॉ. डेजी ठाकुर ने कहा कि हमारे समाज में आज भी पीड़ित महिलाएं घर से बाहर नहीं निकलतीं तथा एफआईआर दर्ज कराने में भी संकोच करती हैं। महिला आयोग महिलाओं को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करने के लिए काम कर रहा है। इस प्रकार के प्रशिक्षण कार्यक्रम अन्य जिलों में भी लगाए जाएंगे, ताकि महिलाओं को जागरूक किया जा सके।