मंडी। एनवायरनमेंट एंड सोशल डेवलपमेंट एसोसिएशन ईएसडीए और डॉ. भीमराव अंबेडकर कॉलेज, दिल्ली विश्वविद्यालय के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित 6वें वर्ल्ड एनवायरनमेंट समिट में वल्लभ राजकीय महाविद्यालय, मंडी की वनस्पति शास्त्र विभागाध्यक्ष डॉ. तारा देवी सेन को सीनियर साइंटिस्ट ग्रीन अवार्ड से सम्मानित किया गया।
यह सम्मान उन्हें मालदीव गणराज्य के माननीय मत्स्य एवं समुद्री संसाधन राज्य मंत्री डॉ. अमजथ अहमद द्वारा प्रदान किया गया। कार्यक्रम में भारत के राजदूत नागेश सिंह, एमिटी विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. पी.बी. शर्मा, अमेरिका के डॉ. एंथनी फुलफ्रेस, तथा मालदीव के डॉ. अली नजीब सहित अनेक अंतरराष्ट्रीय विशेषज्ञ उपस्थित रहे। सम्मेलन में दक्षिण एशियाई देशों नेपाल, बांग्लादेश, मालदीव के अतिरिक्त नाइजीरिया, ऑस्ट्रेलिया, यूक्रेन और यूएई से भी प्रतिनिधियों ने भाग लिया। इस वर्ष का सम्मेलन थाईलैंड में 9 से 11 नवंबर तक आयोजित हुआ, जिसमें 27 देशों के 430 से अधिक प्रतिनिधियों और 50 प्रमुख वक्ताओं ने भाग लिया। यह आयोजन ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों माध्यमों से हुआ ताकि विश्वभर के वैज्ञानिक, नीति-निर्माता और पर्यावरणविद इसमें शामिल हो सकें।
डॉ. सेन को यह सम्मान जैव विविधता संरक्षण, सतत विकास, पारंपरिक खाद्य पदार्थों में नवाचार तथा पर्यावरण शिक्षा के क्षेत्र में उनके उत्कृष्ट योगदान के लिए प्रदान किया गया है। वे www.himalyanwildfoodplants.com वेबसाइट, यूट्यूब चैनल और सोशल व प्रिंट मीडिया के माध्यम से जन-जागरूकता बढ़ाने का सतत प्रयास कर रही हैं। उनका कार्य विशेष रूप से जंगली खाद्य पौधों के संरक्षण, घरेलूकरण, मूल्य संवर्धन और विपणन पर केंद्रित है। वे स्वयं सहायता समूहों , किसानों, छात्रों, स्थानीय विक्रेताओं, और रोटरी क्लब मंडी व राइज़ अप मंडी जैसे एनजीओ के सहयोग से ग्रामीण समुदायों को खाद्य सुरक्षा, पोषण और आजीविका के अवसरों से जोड़ रही हैं।








