ललित ठाकुर। पधर
मुख्यमंत्री के पधर दौरे के बाद क्षेत्र में राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोपों का गरमाया माहौल थमने का नाम नहीं ले रहा है। रविवार को पधर में पत्रकार वार्ता में द्रंग ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष बामन देव ठाकुर ने द्रंग के विधायक जवाहर ठाकुर पर सियासी हमला बोला। उन्होंने कहा कि उन्हें कौल सिंह ठाकुर की संपत्ति का ब्यौरा चाहिए तो इन्कम टैक्स डिपार्टमेंट से जानकारी लें। उनकी संपत्ति कैसे बढ़ी, इसकी आईटीआर कौल सिंह ठाकुर हर वर्ष जमा करते हैं।
उन्होंने कहा कि विधायक जवाहर ठाकुर द्रंग क्षेत्र में अपना प्रभुत्व खत्म होता देख बौखलाहट में हैं। उन्होंने कहा कि जयराम सरकार के साढ़े 3 साल के कार्यकाल में द्रंग क्षेत्र विकास के मामले में पूरी तरह पिछड़ कर रह गया है। जो विकास कार्य पूर्व कांग्रेस सरकार के समय में पूर्व मंत्री कौल सिंह ठाकुर के नेतृत्व में तीव्र गति से चले हुए थे, उन कार्यों को पूरी तरह ग्रहण लगा है।
उन्होंने कहा कि समूचे क्षेत्र की जनता में निराशा का माहौल है। यही वजह है कि जनाधार खिसकता देख जवाहर ठाकुर अनाप-शनाप बयानबाजी पर उतारू हुए हैं।
मंडी में मीडिया को संबोधित करती बार वह स्वयं सही तरीके से तर्क नहीं रख पाए। प्रदेश के सम्माननीय नेताओं की आत्मा का जिक्र तक उन्होंने कर डाला। उन्होंने कहा कि सीएम जयराम ठाकुर से द्रंग क्षेत्र की जनता को बड़ी सौगातें मिलने की उम्मीदें थीं, लेकिन विधायक द्वारा मांगों को सही ढंग से न उठा पाने से सभी उम्मीदें धराशायी हुई हैं।
विधायक को आड़े हाथ लेते हुए उन्होंने कहा कि डायनापार्क का नाम बदलने से नही बल्कि यहां विकास की दृष्टि से कायाकल्प करने से जनता का हित होगा। द्रंग में हेलिपैड स्थापित करने की खोखली बातें की जा रही हैं और सड़कों की हालत दयनीय बनी हुई है।