हिमाचल दस्तक। नाहन
सैनधार के खान्यो-काबा में ट्रैक्टर गिरने से चालक की मौत हो गई है। इस सडक़ दुर्घटना में एक अन्य व्यक्ति घायल हुआ है, जिसका ददाहू अस्पताल में उपचार चल रहा है। यह हादसा बागथन-राजगढ़ मार्ग पर हुआ। जानकारी के अनुसार ट्रेक्टर शनिवार दोपहर बाद चौरटा से बेचड़ बाग की तरफ जा रहा था, जो मात्र 200 मीटर दूर जाकर खान्यो-काबा के पास एक मोड़ से अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गया। इस दुर्घटना में ट्रैक्टर चालक विक्रम उर्फ विक्की निवासी खान्यो और सितेंद्र निवासी पनियाली घायल हो गए। गंभीर रूप से घायल अवस्था में चालक विक्रम को डॉ वाईएस परमार मेडिकल कॉलेज नाहन पहुंचाया गया, मगर उसने दम तोड़ दिया। वहीं दूसरे घायल सितेंद्र को ददाहू अस्पताल में भर्ती करवाया गया है, जहां पर उसका उपचार चल रहा है।