अमित सूद। जोगिंद्रनगर
भराड़ू पंचायत के तहत मच्छयाल के विभिन्न स्थानों में भांग के पौधों को उखाड़कर ठिकाने लगाया गया। भराड़ू ग्राम पंचायत की पूर्व प्रधान रीता ठाकुर ने कहा कि शुक्रवार को उनके व गांव की महिलाओं ने नशा मुक्त भारत अभियान चलाया। इस दौरान मच्छयाल के विभिन्न स्थानों में जगह-जगह उगे भांग के पौधे उखाड़े।
उन्होंने कहा कि इस दौरान सभी महिलाओं ने शपथ ली कि उन्हें जहां भी भांग के पौधे दिखाई देंगे, उन सभी को उखाड़ कर नष्ट किया जाएगा, ताकि आने वाली युवा पीढ़ी नशे की गर्त में न फंस सके। उन्होंने कहा कि इस अभियान के तहत शुक्रवार को अपर खुरदर में उनके व भराड़ू गांव की महिलाओं द्वारा भांग के पौधों को उखाड़ा गया। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में भी इस प्रकार से नशा जागरूकता अभियान निरंतर जारी रहेगा।