हिमाचल दस्तक : हमीरपुर
हमीरपुर पहुंचे आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा कि नवंबर में चुनाव हैं और मैं इस अवसर पर आप से शिक्षा की बात करने आया हूं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस और बीजपी के लिए शिक्षा मुद्दा ही नहीं है। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश में 14 लाख बच्चे स्कूलों में जाते हैं जिनमें से साढ़े 8 लाख बच्चे सरकारी स्कूलों में पढ़ते हैं जबकि साढ़े 5 लाख बच्चे प्राइवेट स्कूलों में पढ़ते हैं। उन्होंने कहा कि सरकारी स्कूलों की हालत इतनी खराब है कि जनता उन्हें मजबूरी में सरकारी स्कूलों में पढ़ा रही है।
उन्होंने कहा कि सरकारी स्कूलों में पढ़ रहे साढ़े 8 लाख स्कूली बच्चों का भविष्य शिक्षा की गलत नीतियों के कारण अंधकार में है। केजरीवाल ने कहा कि हिमाचल प्रदेश में 2 हजार सरकारी स्कूलों में सिर्फ एक-एक टीचर है। उन्होंने कहा कि प्रदेश के अधिकांश स्कूलों में पढ़ाई होती ही नहीं है। उनके मुताबिक 722 स्कूलों में सिर्फ एक कमरा है जबकि कई सरकारी स्कूलों में एक भी टीचर नहीं है। शिक्षा को प्रदेश में रही सत्तासीन सरकारों ने मजाक बना कर रखा है। उन्होंने कहा कि 2020 के आंकड़ों की बात करंे तो हिमाचल प्रदेश के 55 सरकारी स्कूलों की बोर्ड की क्लासों में एक भी बच्चा पास नहीं हुआ है। अरविंद केजरीवाल ने कहा कि मंडी में बीजेपी सरकार सरकारी स्कूल को तोड़कर मॉल बना रही है।
कांग्रेस और भाजपा ने हिमाचल में पूरी तरह बर्बाद की शिक्षा व्यवस्था
कांग्रेस और बीजेपी ने शिक्षा व्यवस्था को पूरी तरह बर्बाद किया है। अगर बर्बाद हो रही शिक्षा व्यवस्था और बच्चों को बचाना है तो इस बार ही कांग्रेस व बीजेपी को हटाना होगा व एक मौका आप को देना होगा। अब मौका आया है, प्रदेश की जनता को बच्चों का भविष्य बचाना होगा। उन्होंने कहा कि हमें राजनीति नहीं करने आती है, लेकिन हम देश के लिए समर्पित हैं।