शिमला। हिमाचल दस्तक दैनिक समाचार में प्रकाशित खबर का बड़ा असर हुआ है। नशे में धुत होकर स्कूल पहुंचने वाले मुख्य अध्यापक पर आखिरकार विभागीय कार्रवाई की गाज गिर गई। शिक्षा विभाग ने मामले को गंभीर मानते हुए आरोपी शिक्षक को निलंबित कर दिया है।
बीते दिनों ग्रामीणों ने नशे की हालत में स्कूल पहुंचे मुख्य अध्यापक का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया था। वीडियो सामने आने के बाद अभिभावकों और ग्रामीणों में भारी रोष था। लोगों का कहना था कि जब गुरु ही इस हालत में बच्चों के सामने जाएगा, तो शिक्षा का स्तर और बच्चों का भविष्य किस ओर जाएगा।
मामले की गूंज मीडिया रिपोर्ट्स के बाद शिक्षा विभाग तक पहुंची। जांच बैठाने के बाद विभाग ने त्वरित कार्रवाई करते हुए शिक्षक को निलंबित कर दिया है। साथ ही विभागीय स्तर पर यह भी कहा गया है कि शिक्षक के खिलाफ कड़ी अनुशासनात्मक कार्यवाही की जाएगी।
ग्रामीणों ने कहा की मीडिया की वजह से ही यह मामला सामने आया और कार्रवाई संभव हो पाई। लोगों का कहना है कि इस तरह की घटनाओं पर सख्त कदम उठाना बेहद जरूरी है, ताकि भविष्य में कोई भी शिक्षक बच्चों के साथ खिलवाड़ न कर सके।
बता दें कि, मामला मंडी जिले की नाचन विधानसभा क्षेत्र का है जहां नशे में टल्ली मास्टर के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की गई है। नशे में धुत होकर एग्जाम दे रहे बच्चों को बीच में पहुंचने वाले हेडमास्टर पर शिक्षा विभाग ने सख्त एक्शन लिया है। शिक्षा विभाग ने टल्ली मास्टर को सस्पेंड कर दिया है। इस पूरे मामले में आगामी जांच जारी है।
नशे में टल्ली होकर स्कूल पहुंचना प्राइमरी स्कूल गराड़ी गाड़ के हेडमास्टर को भारी पड़ गया है। मंडी जिला उप शिक्षा अधिकारी विजय गुप्ता ने मामले की पुष्टि करते हुए कहा है कि, “शिक्षा विभाग ने टल्ली मास्टर को सस्पेंड कर दिया है। खंड शिक्षा अधिकारी चच्योट-2 ने खुद मौके पर जाकर की मामले की जांच पड़ताल की। प्रारंभिक जांच में शिक्षक जयराम दोषी पाया गया है। हेड मास्टर शराब पीकर स्कूल आया था और वहां बेसुध हालत में पड़ा हुआ था। विभाग ने जांच पड़ताल के बाद शिक्षक निलंबित कर दिया है।
नशे में टल्ली मास्टर का वीडियो हुआ था वायरल
नाचन विधानसभा क्षेत्र में स्थित प्राइमरी स्कूल गराड़ी गाड़ का हेडमास्टर नशे में धुत होकर विद्यालय पहुंच गया। घटना उस वक्त की है जब एक ओर बच्चे स्कूल में एग्जाम दे रहे थे, वहीं दूसरी ओर नशे में धुत स्कूल का हेडमास्टर बेसुध होकर फर्श पर गिर गया। मास्टर के सिर और चेहरे पर गहरे जख्मों से खून बह रहा था। जैसे ही इसकी जानकारी अभिभावकों को लगी वे फौरन स्कूल पहुंच गए और वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। वीडियो वायरल होते ही शिक्षा विभाग में हड़कंप मच गया।







