- चौहारघाटी में शिक्षा स्वास्थ्य सेवाएं बदहाल-बामन देव
- घनश्याम ठाकुर को सौंपी चौहारघाटी कांग्रेस मंडल कमेटी की कमान
- बैठक में मौजूद कार्यकर्ताओं ने दिखाया उत्साह, रिकार्ड जीत का लिया संकल्प
ललित ठाकुर । पधर
संगठन की मजबूती को लेकर द्रंग ब्लाक कांग्रेस द्वारा शुरू किए गए अभियान के तहत शुक्रवार को जिल्हण पंचायत में विशेष बैठक का आयोजन किया गया। जिसमे चौहारघाटी की खलैहल, बरोट, लपास, वरधाण, लटराण, धमच्याण, तरस्वाण, सिल्हबुधानी, सुधार, कथोग, रोपा, बल्ह, गरलोग, सियून और जिल्हण 15 पंचायतों के पार्टी कार्यकर्ताओं ने शिरकत की।
बैठक की अध्यक्षता ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष वामन देव ठाकुर ने की।
इस दौरान विधानसभा चुनावों के मद्देनजर पार्टी कार्यकर्ताओं को प्रचार प्रसार और सरकार की नाकामियों को जनता के बीच ले जाने के लिए कार्ययोजना तैयार की गई।
बामन देव ठाकुर ने कहा कि जबसे प्रदेश में भाजपा की सरकार बनी है। चौहारघाटी में शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाएं बदहाल है। स्कूलों में अध्यापकों के पद रिक्त होने से विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है। वहीं स्वास्थ्य संस्थानो में पैरा मेडिकल स्टाफ न होने से कई स्वास्थ्य उप केंद्र सफेद हाथी बन कर रह गए हैं।
स्थानीय विधायक जवाहर ठाकुर विधानसभा के अंदर क्षेत्र की पैरवी करने में पूरी तरह नाकाम साबित हुए हैं। उन्होंने कहा कि चुनावों को मात्र तीन माह का समय शेष रहा है। ऐसे में कार्यकर्ता अपनी अपनी पंचायतों में सक्रिय हो कर सरकार की नाकामियों का प्रचार प्रसार करें। वहीं वर्तमान सरकार और पूर्व कांग्रेस सरकार के समय में हुए विकास कार्यों की तुलना भी जनता के बीच करें।