हिमाचल दस्तक ब्यूरो। शिमला
हिमाचल प्रदेश राज्य विद्युत बोर्ड तकनीकी कर्मचारी संघ के प्रदेश अध्यक्ष दुनीचंद ठाकुर और प्रदेश महामंत्री नेकराम ठाकुर ने जारी कर हिमाचल प्रदेश राज्य विद्युत बोर्ड प्रबंधन के उस आदेश की कड़ी आलोचना की है जिसमें आउटसोर्स कर्मचरियों को जूनियर टी-मेट और जूनियर हेल्पर की नियुक्ति के साथ इन कर्मचारियों की सेवाएं समाप्त कर देने के आदेश किये हैं।
प्रदेश अध्यक्ष ने अपने व्यक्तव्य में कहा है कि जो 1592 कर्मचारी अभी अभी विद्युत बोर्ड ने भर्ती किये हैं, वह तो मात्र दो वर्ष के अंदर जितने तकनीकी कर्मचारी सेवानिवृत हुये हैं, उनकी भरपाई भी नहीं करते। ऐसे में विद्युत बोर्ड का यह तुगलकी फरमान समझ से परे है। इसके साथ ही उन्होंने यह भी हैरानी व्यक्त की है कि ये कर्मचारी पिछले सात आठ वर्षों से बोर्ड में अपनी सेवायें दे रहे हैं। अब एकदम इनकी सेवाएं समाप्त करना बिल्कुल भी न्यायसंगत नहीं है और इनके भविष्य के साथ खिलवाड़ है। महामंत्री नेक राम ठाकुर ने मुख्यमंत्री और ऊर्जा मंत्री से आग्रह किया है कि इन आदेशों को तुरंत निरस्त करने के बोर्ड प्रबंधन को आदेश दें और आउटसोर्स कर्मचरियों के लिये कोई नीति बनाकर बोर्ड में समायोजित करें।