एजेंसी। नोएडा
नोएडा के सेक्टर 24 थाना क्षेत्र के सेक्टर 22 में एक व्यक्ति ने पत्नी से झगड़े के दौरान अपनी डेढ़ वर्षीय बच्ची को उठाकर फर्श पर पटक दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। पुलिस ने इस व्यक्ति को गिरफ्तार कर लिया है। अपर पुलिस उपायुक्त (जोन प्रथम) रणविजय सिंह ने बताया कि सेक्टर 22 में जमशेद का शुक्रवार की देर रात को पत्नी के साथ किसी बात को लेकर विवाद हो गया। गुस्से में जमशेद ने अपनी डेढ़ वर्षीय बेटी को उठाकर पटक दिया। बच्ची को गंभीर चोट लगी।
सिंह ने बताया कि बच्ची को एक अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। अपर पुलिस उपायुक्त ने बताया कि घटना की रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। उसे न्यायालय में पेश किया गया। अदालत ने उसे 14 दिन की न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया।